देश

national

उत्तर प्रदेश: 3 दिन में एक लाख से ज्यादा लोग उत्तर प्रदेश पहुंचे, योगी ने कहा- सबको क्वारैंटाइन किया जाए

लखनऊ. उत्तर प्रदेश में लॉकडाउन का आज 5वां दिन है। राज्य में रहने वाले ज्यादातर लोग लॉकडाउन का पालन कर रहे हैं, लेकिन शुक्रवार को हालात उस वक्त बिगड़ गए, जब दिल्ली समेत दूसरे राज्य से आए मजदूर और कामगार यहां पहुंचे। लखनऊ के चारबाग और कैसरबाग बस अड्डे पर हजारों की भीड़ पहुंच गई। यहां न यात्रियों की कोई मेडिकल जांच हुई, न ही उनका कोई रिकॉर्ड बनाया गया। जिला प्रशासन ने 200 से अधिक बसों का इंतजाम उनके गृह नगर जाने के लिए रवाना किया। इस बीच, उत्तर प्रदेश में 24 घंटे के भीतर 14 नए मरीज सामने आए। अब तक प्रदेश में 65 संक्रमित पाए गए।


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कहा कि 3 दिनों में दूसरे राज्यों से एक लाख से ज्यादा लोग प्रदेश में आए।  इन सभी लोगों के नाम, पता, फोन नंबर की सूची तैयार कर जिला प्रशासन को उपलब्ध कराया जाए। इन सभी को सर्विलांस पर रखते हुए इनका अनिवार्य क्वारैंटाइन कराया जाए। सीएम ने नोएडा में संक्रमण के केस बढ़ने पर स्वास्थ्य और स्वच्छता को मजबूत करने के निर्देश दिए। इधर, प्रमुख सचिव गृह अवनीश अवस्थी ने कहा- जिला प्रशासन को निर्देश दिया गया है कि जिला मुख्यालयों पर पहुंच रहे कामगारों के लिए समुचित व्यवस्था की जाए। गांव पहुंचने पर इनकी सूची बनाई जाए और जिन्हें आइसोलेट या क्वारैंटाइन करने की जरूरत है, उन्हें किया जाए।

नोएडा: एक कंपनी पर केस दर्ज
गौतमबुद्धनगर (नोएडा-ग्रेटरनोएडा) में कोरोना संक्रमितों की संख्या 27 हो चुकी। शनिवार को यहां 9 नए केस सामने आए थे। जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनुराग भार्गव ने सीज फायर कंपनी पर महामारी एक्ट के तहत केस दर्ज कराया। आरोप है कि कंपनी में विदेश से आए व्यक्तियों के कारण जिले के विभिन्न सेक्टरों में संक्रमण फैला। इस कंपनी के 13 लोग पॉजिटिव पाए गए। यह एफआईआर एक्सप्रेस-वे नोएडा थाने में दर्ज हुई।
झांसी: सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं
झांसी में लॉकडान है। लेकिन, यहां सुबह सब्जी मंडी, राशन की दुकानों पर भीड़ उमड़ी। लॉकडाउन के नियमों का पालन नहीं किया जा रहा। लोग सड़कों पर बेवजह घूमते देखे जा रहे हैं। फिलहाल, पुलिस-प्रशासन इस तरह के लोगों को सबक सिखाने की बात कर रहा है।
वाराणसी: मंडी में आम लोगों के प्रवेश रोक
लाॅकडाउन में सख्ती के बावजूद लोग मानने को तैयार नहीं हैं। शनिवार रात को बस चलने की अफवाह के बाद अचानक भीड़ रोडवेज बस स्टैंड पर उमड़ पड़ी। मौके पर पुलिस पहुंची और लोगों को अलग-अलग जगहों पर शिफ्ट किया। रविवार को पूर्वांचल की सबसे बड़ी किराना मंडी विशेश्वरगंज में पुलिस ने आम जनता की प्रवेश पर रोक लगा दिया। शिवपुर के एक युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद गांव को सील कर दिया गया। परिवार वालों का सैंपल लेकर बीएचयू जांच को भेजा गया। वहीं, रोहनिया-मोहनसराय चौराहा स्थित हाईवे पर रविवार सुबह 9 बजे बिहार जा रहे पैदल मजदूरों को रोहनिया पुलिस द्वारा ट्रकों को रोक कर बिहार के लिए रवाना कराया गया।
Don't Miss
© all rights reserved
Managed By-Indevin Group