देश

national

भारत के बाद पाकिस्तान में भी तब्लीगी जमात ने फैलाया संक्रमण , अब तक 539 सदस्य संक्रमित

लाहौर. 
भारत और मलेशिया के बाद पाकिस्तान में भी तब्लीगी जमात की कोरोना फैलाने के लिए आलोचना की जा रही है। डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक पंजाब सरकार के विरोध के बावजूद जमात ने 10 मार्च को सालाना सम्मेलन किया था। इसका आयोजन पाकिस्तान के पंजाब प्रांत स्थित राइविंड मरकज में हुआ था। इसमें शामिल 404 लोग जांच के बाद संक्रमित मिले। पूरे पाकिस्तान में अब तक 539 जमाती संक्रमित पाए गए हैं। इससे पहले भारत में भी जमात ने दिल्ली के निजामुद्दीन मरकज में ऐसा ही आयोजन किया था। इसके बाद देशभर में दो हजार से ज्यादा केस मिले थे।

आयोजन में 40 देशों से करीब तीन हजार लोग पहुंचे थे। पाकिस्तान सरकार ने संक्रमण रोकने के लिए अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रोक दी है, जिस वजह से जमाती अपने देश नहीं लौट सके। माना जा रहा है कि इन्हीं लोगों के कारण संक्रमण बड़े पैमाने पर फैला। पंजाब प्रांत की विशेष शाखा के मुताबिक, इसमें करीब 70 से 80 हजार लोग शामिल हुए थे। हालांकि जमात प्रबंधन इसमें 2 लाख 50 हजार लोगों के शामिल होने का दावा कर रहा है।
पाकिस्तान: 4 हजार से ज्यादा केस
पाकिस्तान में अब तक 4,317 संक्रमित मिले हैं और 63 लोगों की मौत हो चुकी है। जमात के सैंकड़ों सदस्यों के पॉजिटिव मिलने के बाद राइविंड शहर को पूरी तरह से लॉकडाउन कर दिया गया। पंजाब प्रांत के 36 जिलों में 10 हजार 263 लोगों को क्वारैंटाइन किया गया है। जमात के आयोजन में शामिल हुए लोगों को ट्रेस किया जा रहा है।
शीर्ष अधिकारियों को देना पड़ा दखल
सरकार के निर्देश के बाद भी जब जमात ने कार्यक्रम रद्द नहीं किया तो शीर्ष अधिकारियों को दखल देना पड़ा। लाहौर के पुलिस अधिकारी जुल्फीकार हमीद ने जमात के अधिकारियों से बात की। लाहौर डिविजन के कमिश्नर और डीआईजी ने मरकज का दौरा किया। इसके बाद 6 दिनों के इस आयोजन को घटाकर तीन दिन का कर दिया गया। 
स्वास्थ्य विभाग ने जमात के रवैये की आलोचना की
स्वास्थ्य विभाग की अधिकारी यास्मीन राशिद ने कहा कि जमात के सदस्यों ने विभाग के निर्देशों को नहीं माना और सहयोग नहीं किया। इस वजह से संक्रमितों की संख्या अचानक बढ़ गई। अब तक जमात के जिन सदस्यों को क्वारैंटाइन किया गया है, उनकी जांच की जा रही है। ऐसी आशंका है कि इनमें से 35 से 40% संक्रमित हो सकते हैं।
Don't Miss
© all rights reserved
Managed By-Indevin Group