देश

national

खलनायक कोरोना के खिलाफ नायक बने बिजनौर पुलिस कप्तान संजीव त्यागी

संजय सक्सेना

बिजनौर 

देश में कोरोना महामारी खलनायक की तरह पैर पसार रही है लेकिन जनपद की पुलिस प्यार भरे अंदाज़ में नरम रवैया अपनाते हुए लोगों को घरों में रहने, मास्क लगाने व सोशल डिस्टेंस बनाए रखने के लिए जागरूक कर रही है।  इसके चलते जनपद वासियों की नजर में पुलिस नायक बन कर उभरी है।
जिले के पुलिस कप्तान संजीव त्यागी की अनूठी पहल फेसबुक पेज... कोरोना फाइट एक अहम भूमिका निभा रहा है जो लॉक डाउन के चलते जनता के लिए वरदान बनकर समस्याओं का निदान कर रहा है.

                                                 (फोटो -पुलिस अधीक्षक संजीव त्यागी)

लॉक डाउन के चलते कोरोना महामारी से जंग जीतने के लिए जिला बिजनौर के प्रयत्नशील पुलिस अधीक्षक संजीव त्यागी ने फेसबुक पेज कोरोना फाइट बनाकर जनता से सीधे जुड़ने का माध्यम बनाया, जो कारगर साबित हुआ। पुलिस कप्तान के कोरोना फाइट फेसबुक पेज से जुड़ कर जनता लाइव रूबरू हुई, जिसमें सुझाव मांगे गए और दिए गए। जो समस्याएं गंभीर थी उनका त्वरित निस्तारण भी किया गया जनता से जो विचार सही मिल रहे थे उनको अधिकारियों ने गंभीरता से लेते हुए गाइडलाइन जारी कर राहत पहुंचाने का कार्य किया।

उक्त मुहिम में जिलाधिकारी रमाकांत पांडे के अलावा कई विभागों के आला अधिकारी, चिकित्सक, शिक्षक, धर्मगुरु जुड़े और जनता से लाइव रूबरू होकर सुझाव देने के साथ-साथ कोरोना पर जीत हासिल करने के लिए जागरूक किया। इसके अच्छे परिणाम निकल कर आ रहे हैं। वहीं जनपद की पुलिस अपने मुखिया से सीख लेते हुए नरम रवैया अपनाकर हर अंदाज में जनता को जागृत करने के लिए दिन रात एक किए हुए हैं। पुलिस अपनी ड्यूटी के साथ-साथ जरूरतमंदों की सहायता करने में भी अग्रणी भूमिका निभा रही है, चाहे वह घुमंतू जाति के परिवारों को राशन उपलब्ध कराना हो या फिर 112 के कांस्टेबल द्वारा ₹5000 का चैक प्रधानमंत्री राहत कोष में देना हो।  पुलिस हर स्तर पर जनता के साथ खड़ी है और बार-बार यह संदेश दे रही है कि विपदा की इस घड़ी में हम सब मिलकर कोरोना पर फतह हासिल कर ले जिसका परिणाम सामने है।

जनता ने पुलिस, चिकित्सक, पत्रकार,  सफाई कर्मी को सर आंखों पर बैठा लिया है। जगह-जगह पुष्प वर्षा कर सम्मान किया जा रहा है। साथ ही नायक बनी पुलिस का हौसला बढ़ाने के लिए मास्क व सैनिटाइजर देकर उत्साहवर्धन किया जा रहा है। पुलिस भी जनता से सम्मान पाकर गदगद है, जिसके चलते उन्हें 24 घंटे ड्यूटी देने का भी एहसास नहीं हो रहा है।

वहीं पुलिस शरारती तत्वों व हठधर्मिता दिखाने वालों को कानून का पाठ पढ़ाने से भी नहीं चूक रही है। पुलिस की मेहनत से आपसी सौहार्द्र, गंगा जमुनी तहजीब बढ़ रही है। उधर जनता ने भी ठान लिया है कि हम संयम के साथ धैर्य रखते हुए सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहेंगे और शासन प्रशासन के दिशा निर्देशों का पालन करते हुए खलनायक बनी कोरोना बीमारी से जंग जीत कर रहेंगे। नायक बनी पुलिस की छवि को धूमिल नहीं होने देंगे।  जनता भी वेब एकदूसरे से आग्रह कर रही है कि  अफवाहों पर ध्यान न दें,  आपसी भाईचारा कायम रखें, तभी हम इस मुहिम में कामयाब हो सकते हैं।
Don't Miss
© all rights reserved
Managed By-Indevin Group