लखनऊ
कोरोनावायरस के प्रसार को रोकने के लिए बीते 25 मार्च से देशव्यापी लॉकडाउन है। इस बीच दिल्ली, महाराष्ट्र, गुजरात जैसे देशों में रोजी रोटी की तलाश में गए श्रमिक बेरोजगार हुए तो वे वापस लौट आए हैं। इन श्रमिकों को रोजगार से जोड़ने के लिए योगी सरकार ने मनरेगा श्रमिकों की संख्या बढ़ाने का निर्णय लिया है। बता दें कि, वर्तमान में मनरेगा में लगभग 23 लाख 86 हजार श्रमिक काम कर रहे हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ ने इनकी संख्या बढ़ाकर 50 लाख करने का निर्देश दिया है। वहीं, आरोग्य सेतु का उपयोग करने वाले 10 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है।
2.81 लाख से अधिक श्रमिक यूपी लौटे, यह संख्या अभी बढ़ेगी
प्रदेश के अतिरिक्त मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी ने बताया कि, मुख्यमंत्री योगी ने 2016 से ग्राम रोजगार सेवकों के लंबित भुगतान की कार्रवाई आज सुनिश्चित की है। 225.39 करोड़ रुपए की धनराशि बैंक के माध्यम से सीधे उनके खातों में भेजी है। उन्होंने यह भी बताया कि, आज तक 233 ट्रेनों में 2 लाख 81 हजार 400 से अधिक श्रमिक प्रदेश लौट चुके हैं। आज 12 ट्रेनें आ चुकी हैं, 190 ट्रेनों की अनुमति हम दे चुके हैं, जो अगले 2 से 3 दिन में आएंगी, इनमें लगभग 2 लाख 24 हजार श्रमिक आ सकेंगे। मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया है कि हर श्रमिक जो बाहर से आ रहा है, उसका पूरा सम्मान करें, कोई भी पैदल न चले, अगर कोई पैदल चल रहा है तो संबंधित जिला प्रसाशन उनकी व्यवस्था समुचित रूप से करते हुए सुरक्षित घर पहुंचाएं।
आरोग्य सेतु का उपयोग करने वाले 2722 को किया कॉल
स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि, प्रदेश में लोगों द्वारा बड़ी संख्या में आरोग्य सेतु ऐप का लगातार उपयोग किया जा रहा है, लखनऊ मुख्यालय से अब तक 2722 लोगों को कॉल किए गए हैं, जिनको एलर्ट जनरेट हुए हैं। इनमें से 10 लोग पॉजिटिव मिले हैं। वहीं, प्रदेश में अब कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 1774 है। कुल 1759 लोग ठीक हो चुके हैं। सोमवार को पूल टेस्टिंग के लिए 289 पूल लगाए गए, जिसमें से 32 पूल पॉजिटिव पाए गए। सर्विलांस टीमें हॉटस्पॉट और नॉन-हॉटस्पॉट दोनों जगह सर्वे कर रही हैं, अब तक 70 हजार 129 टीम इसपर कार्य कर चुकी हैं, जिन्होंने 58 लाख 53 हजार 570 घरों का सर्वे किया है।
No comments
Post a Comment