देश

national

यूपी: संक्रमित मरीजों की संख्या 6000 के पार, इनमें 1423 प्रवासी मजदूर शामिल

लखनऊ

उत्तर प्रदेश में कोरोनावायरस का आंकड़ा तेजी से बढ़ता जा रहा है। शनिवार को यह 6 हजार को पार कर गया। 19 मई तक कोरोना पॉजिटिव के 4926 मामले थे, जबकि शनिवार को यह संख्या 6017 तक पहुंच गई। कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा प्रवासी मजदूरों के कारण बढ़ा है। शनिवार तक 1423 प्रवासी मजदूर संक्रमित पाए गए। बीते 24 घंटे में 288 नए कोरोना संक्रमित सामने आए। कोरोना से फिरोजाबाद, अलीगढ़ और बुलंदशहर में एक-एक मौत हुई। प्रदेश में अब तक 155 कोरोना मरीजों की मौत हो चुकी है। शनिवार को 82 मरीज ठीक होकर घर चले गए। अब तक 3406 मरीज डिस्चार्ज हो चुके हैं। इस बीच उत्तर प्रदेश सरकार ने सरकारी कार्यालयों में अब उपस्थिति 33 फीसदी से बढ़ाकर 50 फीसदी तक करने का आदेश जारी कर दिया है। 

                         शनिवार सुबह मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक स्पेशल ट्रेन से श्रमिक प्रयागराज पहुंचे। यहां घरों जाने के लिए स्टेशन के बाहर बच्चों के साथ बैठे बसों का इंतजार कर रहे हैं। प्रशासन की तरफ से थर्मल स्क्रीनिंग के बाद ही उन्हें भेजा जाएगा।
लॉकडाउन-4 में यूपी सरकार ने लोगों को दी राहत
लखनऊ में मंगलवार से शॉपिंग कॉम्प्लेक्स भी खुलेंगे। हालांकि, कॉम्प्लेक्सों में सिर्फ 33% दुकानें ही खुलेंगी। जबकि मॉल खोलने की मंजूरी अभी नहीं दी गई है। लखनऊ के डीएम अभिषेक प्रकाश ने बताया कि दुकानों का रोस्टर बनाने की जिम्मेदारी कॉम्प्लेक्स के व्यापारियों को दी गई है। कॉम्प्लेक्स में 65 साल से अधिक उम्र के बुजुर्गों और 10 साल से कम उम्र के बच्चों को प्रवेश नहीं मिलेगा। दुकान में एक बार में अधिकतम तीन ग्राहक ही जा सकेंगे। बिना सैनिटाइज किए कॉम्प्लेक्स को खोलने की अनुमति नहीं होगी। शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के मेन गेट पर थर्मल स्कैनर और सैनिटाइजर रखवाना अनिवार्य होगा।
कल से शुरू होंगी घरेलू उड़ानें
सोमवार से घरेलू उड़ानें शुरू हो जाएंगी। दो महीने बाद विमान संचालन के लिए अमौसी एयरपोर्ट प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। यात्रियों और स्टाफ पर निगरानी के लिए एयरपोर्ट प्रशासन ने एक मूवेबल कैमरा भी लगा दिया है। कैमरे के जरिए सीआईएसएफकर्मी यात्रियों की आईडी, टिकट की जांच थोड़ी दूर बैठे कर सकेंगे। वहीं, एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों से कहा है कि वह अपने ई-बोर्डिंग पास के साथ मास्क, सैनिटाइजर जरूर रखें।
कार्यालयों में तीन शिफ्ट में लगेंगी ड्यूटी
मुख्य सचिव राजेंद्र कुमार तिवारी ने अब सरकारी दफ्तरों में अब से 50 प्रतिशत कर्मचारियों की उपस्थिति अनिवार्य कर दी है। आदेश में कहा गया है कि रोस्टर ऐसे तैयार हो कि कर्मचारी अल्टरनेट डे पर दफ्तर आएं। विभागाध्यक्षों को सभी कार्य दिवस पर आना होगा। वहीं, नई व्यवस्था में सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन किया जाएगा। इसके लिए कर्मचारी तीन शिफ्ट में आएंगे। पहली शिफ्ट सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक, दूसरी शिफ्ट 10 बजे से शाम 6 बजे तक और तीसरी शिफ्ट 11 बजे से शाम 7 बजे तक होगी।
Don't Miss
© all rights reserved
Managed By-Indevin Group