लखनऊ
उत्तर प्रदेश के 75 जिलों में कोरोनावायरस का प्रसार फैला हुआ है। अब तक 5356 पॉजिटिव केस मिल चुके हैं। इस पर अंकुश लगाने के लिए सरकार ने गुरुवार को रेड जोन में इजाफा कर दिया है। राज्य में सर्वाधिक संक्रमित आगरा, नोएडा (गौतमबुद्धनगर), मेरठ, गाजियाबाद व कानपुर नगरीय क्षेत्र में मिले हैं। इसलिए यहां नगरीय क्षेत्र को रेड जोन घोषित किया गया है।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के प्रमुख सचिव अमित मोहन प्रसाद ने बताया- गाजियाबाद अभी तक ऑरेंज जोन में था, लेकिन अब ये रेड जोन में है। दरअसल, नई गाइडलाइन के अनुसार, छह मानकों पर रेड, ऑरेंज व ग्रीन जोन का वर्गीकरण किया जाना है। इसमें एक्टिव केस, एक्टिव केस प्रति एक लाख की जनसंख्या पर, मृत्युदर, नमूनों की जांच प्रति एक लाख जनसंख्या पर, नमूनों के पॉजिटिव मिलने की दर को पैमाना बनाया गया है।
स्वास्थ्य विभाग ने अफसरों को अपने स्तर से अतिरिक्त कदम उठाने के दिए निर्देश
प्रमुख सचिव ने बताया कि, जिन जिलों में जिन जनपदों में पिछले 21 दिनों से कोरोना वायरस संक्रमण का कोई भी पुष्ट केस नहीं आया है वे जनपद स्वतः ग्रीन जोन में माने जाएंगे। वहीं, जो जिले रेड या ग्रीन जोन के मानक में नहीं आएंगे उन्हें ऑरेंज जोन में माना जाएगा। अमित मोहन प्रसाद ने अपने निर्देश में स्पष्ट किया है कि रेड जोन में शामिल जनपदों के जिलाधिकारी कोरोना संक्रमण को नियंत्रित करने के दृष्टिगत अपने स्तर पर अतिरिक्त कदम उठाने के लिए अधिकृत होंगे।
भारत सरकार ने राज्यों को उनके जनपदों एवं नगर निकायों को संक्रमण के दृष्टिगत रेड ग्रीन और ऑरेंज जोन में शामिल करने का अधिकार प्रदान किया है। इसके लिए भारत सरकार द्वारा 6 मानक भी निर्धारित किए गए हैं। जिसके दृष्टिगत प्रमुख सचिव ने प्रदेश के पांच जनपदों को रेड जोन में वर्गीकृत करते हुए 20 मई को समस्त जिलाधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। बता दें कि, राज्य के 24 जिलों को रेड जोन, 31 को ऑरेंज जोन और 20 जिलों को ग्रीन जोन में रखा गया है।
रेड जोन में घोषित पांच सर्वाधिक संक्रमित जिलों में इतने केस-
शहर | कुल संक्रमित | रिकवर केस | मृत्यु |
आगरा | 836 | 625 | 27 |
मेरठ | 337 | 184 | 21 |
कानपुर | 318 | 288 | 08 |
नोएडा | 302 | 206 | 05 |
गाजियाबाद | 199 | 151 | 02 |
प्रदेश में अब 2130 एक्टिव केस
स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि, राज्य में कोरोना से रिकवरी रेट तेजी से बढ़ रहा है। अब तक 3099 लोग अस्पतालों से डिस्चार्ज किए गए हैं। महज 2130 एक्टिव केस हैं। उन्होंने बिताया कि, पिछले 24 घंटों में 360 नए कोरोना मामले सामने आए हैं। हमारे प्रवासी मजदूरों के बाहर से लौटने के साथ केसों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। कोरोना की वजह से प्रदेश में 127 लोगों की मौत हो चुकी है।
प्रमुख सचिव ने बताया- राज्य में 2194 लोग आइसोलेशन वार्ड में भर्ती हैं। जिनका विभिन्न चिकित्सालयों में इलाज जारी है। 13,178 लोगों को फैसिलिटी क्वारैंटाइन में रखा गया है। बताया कि, राज्य में टेस्टिंग बढ़ाई जा रही है। बुधवार को 772 पूल 5-5 सैंपलों के और 65 पूल 10-10 सैंपलों के लगाए गए। इनमें से 178 पूल पॉजिटिव आए हैं।
No comments
Post a Comment