देश

national

शाहजहांपुर: कार से बाइक टकराने पर पिता-पुत्र की गोली मारकर हत्या

शाहजहांपुर
उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले के सदर बाजार थाना क्षेत्र में रविवार की रात कार व बाइक की टक्कर के बाद दो गुटों के बीच विवाद इतना गहराया कि, पिता-पुत्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। 
ये घटना थाना सदर बाजार के चिनौर गांव की है। यहां देर रात 17 वर्षीय आकाश बाइक से अपने घर लौट रहा था। तभी उसके घर के पास ही किसी कार से उसकी बाइक की टक्कर हो गई। जिसके बाद विवाद शुरू हो गया। कार सवार युवकों ने आकाश को पीट दिया। विवाद की खबर मिलते ही आकाश का पिता कैलाश बचाने पहुंचा तो विवाद और बढ़ गया। आकाश के परिवार की कुछ महिलाएं भी मौके पर पहुंची, जिन्होंने कार सवार लोगों के पैर पकड़कर माफी भी मांगी। लेकिन कार सवार लोगों ने उनकी एक न सुनी। गांव के कुछ लोगों ने भी दोनों के बीच समझौता कराने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि तभी कार मे सवार एक वकील ने पिता और पुत्र को गोली मार दी। गोली दोनों के पेट में लगी। आनन-फानन में दोनो घायलों को मेडिकल कॉलेज लाया गया। लेकिन डाक्टरों ने दोनों को ही मृत घोषित कर दिया। 
एसपी सिटी दिनेश त्रिपाठी ने कहा- बाइक और कार में टक्कर के बाद विवाद बढ़ने के दौरान पिता-पुत्र को गोली मारी गई। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। छानबीन की जा रही है। परिजनों की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। 
Don't Miss
© all rights reserved
Managed By-Indevin Group