मुरादाबाद
पांच बार उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य व रामपुर से पूर्व भाजपा सांसद डॉक्टर नेपाल सिंह का शुक्रवार को 79 साल की आयु में हृदय गति रुकने से निधन हो गया। उनका जन्म अलीगढ़ में हुआ था। लेकिन उन्होंने मुरादाबाद को ही अपनी कर्मभूमि बनाई थी। वे यहां सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के जिगर कॉलोनी में परिवार के साथ रहने थे।

अलीगढ़ में हुआ था जन्म, शिक्षा मंत्री भी रहे
डॉक्टर नेपाल सिंह का जन्म 12 अगस्त 1940 को अलीगढ़ के चंदौला में किसान व प्रोफेसर रामकबाल सिंह के घर हुआ था। वे पहली बार साल 1986 में बरेली-मुरादाबाद मंडल स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य चुने गए थे। शिक्षक विधायक बनने के बाद प्रदेश सरकार में डॉक्टर नेपाल सिंह दो बार मंत्री रहे। साल 1997 से 2002 में सरकार ने उन्हें माध्यमिक शिक्षा व भाषा मंत्री बनाया था।
दोपहर में घबराहट महसूस होने पर अस्पताल ले गए परिजन
उन्होंने 2014 में भाजपा के टिकट पर रामपुर मुस्लिम बाहुल्य सीट से लोकसभा चुनाव जीता था। उन्होंने सपा के उम्मीदवार नसीर अहमद खान को हराकर भाजपा का परचम लहराया था। नेपाल सिंह लंबे समय से अस्वस्थ्य चल रहे थे। शुक्रवार को वे आवास पर थे। दोपहर में अचानक घबराहट हुई। इसके बाद परिजन अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिवार में पत्नी आदित्या व दो बेटे व तीन बेटियां हैं। सभी विवाहित हैं। निधन की खबर पाकर तमाम भाजपाई उनके आवास पहुंचे हैं।
No comments
Post a Comment