दरभंगा जिले के जाले से भाजपा विधायक जीवेश कुमार मिश्रा और उनके ड्राइवर की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। संक्रमित पाए जाने के बाद दोनों को पटना एम्स रेफर किया गया है। विधायक और उनके ड्राइवर के संपर्क में आए लोगों की खोजबीन की जा रही है। ऐसे लोगों को आइसोलेट किया जा रहा है। बिहार में किसी विधायक के संक्रमित होने का यह पहला मामला है।
5631 मरीज हुए स्वस्थ्य
बिहार में कोरोना संक्रमितों की संख्या 7808 हो गई है। सोमवार को 143 संदिग्धों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। राज्य में कोरोना के 55 मरीजों की मौत हुई है। कोरोना से ठीक होने वालों की कुल संख्या 5631 हो गई है। प्रदेश में रविवार को 264 और मरीज ठीक हुए। इससे ठीक होने वालों की कुल संख्या 5631 हो गई है। यह कुल संक्रमितों का 74 फीसदी है। यानी राष्ट्रीय रिकवरी रेट से 18.5 फीसदी अधिक। मरीजों के स्वस्थ होने का राष्ट्रीय औसत 55.5 फीसदी है।
पीएमसीएच में सात डॉक्टर और एक टेक्नीशियन संक्रमित हो गए। सात डॉक्टरों में पांच जूनियर डॉक्टर गाइनी विभाग की है और अस्पताल कैंपस के हॉस्टल में रहती हैं। वहीं, एक 54 साल के सीनियर डॉक्टर हैं जो कंकड़बाग में रहते हैं। एक 25 साल के जूनियर डॉक्टर हैं जो अस्पताल के पीजी हॉस्टल में रहते हैं। 32 साल का टेक्नीशियन सरिस्ताबाद में रहता है।
कोरोना से रविवार को बिहार में पांच मौतें हुईं। दो बेगूसराय, एक पटना, एक जहानाबाद और एक गया के मरीज की जान गई है। पटना एम्स में दिल्ली के पासपोर्ट अफसर विनय कुमार और जक्कनपुर थाने के होमगार्ड जवान बिंदा यादव की मौत हो गई। 44 साल के विनय जहानाबाद के मखदूमपुर के शीमेला गांव के थे। वहीं, 51 साल के बिंदा मसौढ़ी के खरजामा गांव के थे। पटना के पहले जवान की कोरोना से मौत हो गई। विनय हार्ट पेशेंट थे और 13 जून को एम्स में भर्ती हुए थे। 15 को रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। बिंदा शुगर के मरीज थे। वे 10 जून को एम्स में भर्ती हुए। 12 जून को रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। बेगूसराय में कोरोना से दो और मरीज की मौत हो गई। इनमें एक पोखरिया मोहल्ले की 65 वर्षीय महिला है। उसकी मौत एनएमसीएच पटना में हो गई है। दूसरा मृतक बलिया प्रखंड का था।
बेगूसराय में 5, जहानाबाद और सारण में 4-4, नवादा, पटना, दरभंगा, वैशाली, और खगड़िया में 3-3 तथा गया, नालंदा, मुजफ्फरपुर, अररिया, भोजपुर, सीतामढ़ी व सीवान में 2-2 मरीज की मौत हुई है। वहीं, पश्चिम चंपारण, मधुबनी, कटिहार, औरंगाबाद, भागलपुर, जमुई, मधेपुरा, मुंगेर, पू. चंपारण, रोहतास, समस्तीपुर और शिवहर में 1-1 मरीज की मौत हुई।
No comments
Post a Comment