बुलंदशहर
उत्तर प्रदेश में बुलंदशहर जिले के देहात कोतवाली क्षेत्र में बदमाशों ने कार सवार एक पूर्व प्रधान पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। जिसमें गोली लगने पूर्व प्रधान की मौत हो गई। इस घटना को सपा सरकार में राज्यमंत्री रहीं हितेश कुमारी के घर के सामने अंजाम दिया गया। पुलिस के मुताबिक मृतक खानपुर थाने का हिस्ट्रीशीटर था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक पर दर्ज थे लूट, हत्या और डकैती के केस
कोतवाली देहात क्षेत्र में यमुनापुरम कॉलोनी में पूर्व मंत्री हितेश कुमारी के घर के सामने कुछ लोगों ने कार सवार एक व्यक्ति पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। जिसमें कार सवार को करीब 14 गोलियां लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद मौके पर सनसनी फैल गई। सूचना पाकर एसएसपी संतोष कुमार सिंह, एसपी सिटी अतुल कुमार श्रीवास्तव समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। मृतक की शिनाख्त खानपुर थाना क्षेत्र के जाडोल गांव निवासी संजय पुत्र राजवीर के रुप में की। संजय थाना खानपुर का हिस्ट्रीशीटर था। पुलिस के मुताबिक, मृतक पर लूट, डकैती और हत्या जैसे कई मामले भी दर्ज थे।
रंजिश के चलते हत्या की आशंका
शुरुआती जांच में पुलिस रंजिश के चलते हत्या किए जाने की आशंका जता रही है। साथ ही पुलिस अधिकारी दावा कर रहे हैं कि आरोपियों को गिरफ्तार कर जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा। एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 6 टीमों का गठन किया गया है। कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से पुलिस जल्द हमलावरों तक पहुंच जाएगी।
No comments
Post a Comment