देश

national

कानपुर: चौबेपुर थानाध्यक्ष की भूमिका संदेह के घेरे में आई ,एसटीएफ कर रही पूछताछ

कानपुर
उत्तर प्रदेश के कानपुर में 8 पुलिसवालों की हत्या के मामले में चौबेपुर थानाध्यक्ष विनय तिवारी की भूमिका संदिग्ध मानी जा रही है। बिकरू गांव इसी थाना क्षेत्र में आता है। गुरुवार देर रात बिल्हौर सीओ के नेतृत्व में शिवराजपुर, चौबेपुर और बिठूर थाने का पुलिसबल विकास दुबे के घर पर दबिश देने गया था। पुलिस टीम के पहुंचते बदमाशों ने छतों से फायरिंग शुरू कर दी। मुठभेड़ के दौरान चौबेपुर थानाध्यक्ष विनय तिवारी सबसे पीछे थे और फायरिंग होते ही वह वहां से भाग गए। इसके साथ दो दिन पहले विकास दुबे ने चौबेपुर थानाध्यक्ष से हाथापाई की थी। थानाध्यक्ष की भूमिका को लेकर आलाधिकारी पूछताछ कर रहे हैं।
चौबेपुर थाना क्षेत्र स्थित मोहनी निवादा गांव निवासी राहुल तिवारी के ससुर लल्लन शुक्ला की जमीन पर विकास दुबे ने जबरन कब्जा कर लिया था। इस मामले को लेकर राहुल तिवारी ने कोर्ट में विकास दुबे के खिलाफ केस दर्ज कराया था। बीती 1 जुलाई को विकास दुबे ने साथियों के साथ मिलकर राहुल तिवारी को रास्ते से उठा लिया था और बंधक बनाकर पीटा था। जान से मारने की धमकी दी थी।
विकास ने पूछताछ के लिए आए एसओ से हाथापाई की थी
राहुल ने चौबेपुर थाने पहुंचकर थाना प्रभारी को घटनाक्रम की जानकारी देकर शिकायत की। पूछताछ के लिए थानाध्यक्ष आरोपी विकास दुबे के घर पहुंचे थे। इसी दौरान विकास दुबे ने थाना प्रभारी के साथ हाथापाई कर दी थी। इसके बाद थानाध्यक्ष ने राहुल की शिकायत पर ध्यान नहीं दिया और बदसलूकी की चर्चा किसी से नहीं की।
वरिष्ठ अधिकारियों के आदेश पर केस दर्ज हुआ था
बाद में राहुल ने विकास की शिकायत आलाधिकारियों से की। अधिकारियों के आदेश पर चौबेपुर थाने में विकास दुबे पर केस दर्ज हो गया। गुरुवार देर रात सीओ बिल्हौर देवेंद्र मिश्रा के नेतृत्व में शिवराजपुर, चौबेपुर, बिठूर थाने की पुलिस बिकरू गांव में विकास दुबे के घर पर दबिश देने के लिए पहुंची थी।
दबिश में चौबेपुर थाना प्रभारी सबसे पीछे थे
पुलिस की टीमें बिकरू गांव दबिश देने के लिए पहुंचीं तो चौबेपुर थाना प्रभारी जेसीबी के पास ही रुक गए और बाकी के पुलिसकर्मी आगे बढ़ गए। जबकि चौबेपुर थाना प्रभारी को गांव की भौगोलिक स्थिति की जानकारी अच्छी तरह से थी, उन्हे आगे होना चाहिए था। बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू की तो वे मौके से नदारद हो गए। आलाधिकारी इस घटनाक्रम की भी जांच कर रहे हैं।
Don't Miss
© all rights reserved
Managed By-Indevin Group