लखनऊ
राजधानी लखनऊ के सबसे ज्यादा संवेदनशील और अति सुरक्षित क्षेत्र माने जाने वाले हजरतगंज कोतवाली क्षेत्र में विधानसभा के सामने शुक्रवार की शाम मां-बेटी ने आत्मदाह का प्रयास किया। दोनों ने मिट्टी का तेल छिड़ककर खुद को आग लगा ली। यह देखते ही पुलिस मौके पर दौड़ी और आग पर काबू पाया गया। झुलसी मां-बेटी को सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पीड़िताएं अमेठी के जामो की रहने वाली हैं। आरोप है कि, नाली के विवाद गांव के दबंगों ने जानलेवा हमला किया था। लेकिन, पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। जिस जगह दोनों पीड़िताओं ने खुद को आग लगाई, ठीक उसके सामने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कार्यालय भी है।
एक की हालत नाजुक
यह पूरा मामला विधानसभा के सामने लोकभवन के गेट नंबर तीन के पास का है। शाम के करीब 5:50 बज रहे थे, तभी बापू भवन के सामने दो महिलाओं ने खुद को आग लगा लिया। इसके बाद लपटों के बीच दौड़ते हुए लोकभवन के गेट तक आ गईं। एक महिला का लपटों से घिरे होने का वीडियो भी सामने आया है। महिलाओं ने बताया कि, वे अमेठी जिले के जामो की रहने वाली हैं। इनका नाम गुड़िया और सोफिया है। गुड़िया मामूली रूप से झुलसी है।
यह है मामला
गुड़िया का आरोप है कि नाली के विवाद में सुनील, अर्जुन, राजकरन, राम मिलन ने मां सोफिया को पीटा था। जब एफआईआर लिखाने के लिए जामो थाने पहुंचे तो वहां भी दबंग पहुंच गए थे। बड़े अफसरों के हस्तक्षेप करने पर मुकदमा लिखा गया था। लेकिन, उसके बाद रात में दबंगों ने घर पर चढ़ाई कर हमला किया। पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। इसलिए अमेठी से यहां आकर आत्मदाह करने का प्रयास किया था। हजरतगंज पुलिस पीड़िताओं के बयान ले रही है।
No comments
Post a Comment