सोनभद्र
उत्तर प्रदेश में सोनभद्र जिले के उम्भा गांव में जमीन पर कब्जे को लेकर हुए नरसंहार की पहली बरसी पर राजनीति फिर गरम हो रही है। गुरुवार को उम्भा गांव जा रहे उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को भदोही में गिरफ्तार किया गया है। उनको गोपीगंज के एक गेस्ट हाउस में रखा गया है। उन्होंने पुलिस के अधिकारियों से कहा कि हम तो शांति और प्रेम से तीन लोगों के साथ उभ्भा गांव जा रहे हैं। नरसंहार में मारे गए लोगों के घर व परिवार के लोगों के साथ दुख बांटने जा रहे हैं।
रोके जाने पर लल्लू ने आपत्ति जताई
कुशीनगर के तमकुहीराज से कांग्रेस के विधायक अजय कुमार लल्लू ने रोके जाने पर आपत्ति जताई। लल्लू ने कहा- हमको क्यों रोका जा रहा है। क्या अब प्रदेश में अभिव्यक्ति की आजादी समाप्त कर दी गई है। मैं जनप्रतिनिधि हूं, विधायक होने के साथ एक पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष हूं। सरकार का यह व्यवहार तो समझ से परे है। कांग्रेस ने नरसंहार के दौरान भी उनके खिलाफ अत्याचार को जोर-शोर से उठाया था। अब तो हम उम्भा के नरसंहार में मृत आदिवासियों की स्मृति में पीडि़तों से मिलने जा रहे थे। उत्तर प्रदेश सरकार हताश होकर तानाशाही पर उतर आई है।
पुलिस ने गोपीगंज गेस्ट हाउस में नजरबंद किया
सोनभद्र जा रहे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष को पुलिस ने गोपीगंज में रोकने के बाद नजरबंद किया है। गोपीगंज पुलिस ने इस कार्रवाई का कारण शांति भंग होने आशंका बताया है। उन्हेंं गोपीगंज गेस्ट हाउस में नजरबंद कर दिया गया है। इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता जमा हैं।
यह है मामला
पिछले साल 16 जुलाई को उम्भा गांव में 90 बीघा जमीन के विवाद में 11 आदिवासियों की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में प्रधान सहित अभी तक 67 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इन सभी के खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास सहित एससी/एसटी आदि धाराओं में मुकदमा दर्ज है। जमीन पर कब्जे को लेकर हुई इस हत्या में मुख्य आरोपी मूर्तिया ग्राम पंचायत के प्रधान यज्ञदत्त सहित कुल 78 लोगों पर मुकदमा दर्ज था। जिसमें से 67 आरोपी गिरफ्तार हैं।
No comments
Post a Comment