देश

national

चीन के साथ तनाव के बीच आर्मी चीफ मनोज मुकुंद नरवणे पहुंचे लखनऊ, राज्यपाल और सीएम योगी से की मुलाकात

लखनऊ 

चीन सीमा पर तनाव के बीच सेना प्रमुख मनोज मुकुंद नरवणे आज उत्तर प्रदेश के दौरे पर पहुंचे। थल सेना अध्यक्ष बनने के बाद नरवणे पहली बार लखनऊ पहुंचे थे। उन्होंने यहां सेंट्रल कमांड हेडक्वार्टर का दौरा किया। नरवणे ने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुलाकात करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट की है। इस दौरान नेपाल से जुड़ी उत्तर प्रदेश की सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा की गई है।

सेनाध्यक्ष एमएम नवरणे विशेष सर्विस विमान से चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचे थे। वहां से हेलीकॉप्टर के वे छावनी के सूर्या खेल परिसर पहुंचे। यहां से सड़क मार्ग से वे सेना के सेंट्रल कमांड हेड क्वार्टर पहुंचे। सेंट्रल कमांड के सेनाध्यक्ष ले. जनरल इकरूप सिंह घुमन के साथ नेपाल और चीन से सटी सीमाओं के हालात और सेना की तैयारियों पर चर्चा की। उन्हें ऑपरेशनल और प्रशासनिक दोनों पहलुओं की जानकारी दी गई।

जनरल नरवणे ने सैन्य बलों की क्षमता वृद्धि और ऑपरेशनल प्रभावशीलता और बुनियादी ढांचे के विकास को सुनिश्चित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने ऑपरेशनल तैयारियों के उच्च स्तर को प्राप्त करने के लिए मध्य कमान के लिए अपनी प्रशंसा व्यक्त की। जनरल नरवणे ने उच्च ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बहुत कठिन मौसम की स्थिति में काम कर रहे अग्रिम क्षेत्रों में सैनिकों द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। बता दें कि, कुछ दिन पहले ही उत्तराखंड बॉर्डर पर चीन ने जवानों की संख्या बढ़ा दी थी। यह क्षेत्र सेंट्रल कमांड के अंतर्गत आता है।

गुरुवार को असम के तेजपुर में पूर्वी कमान का लिया था जायजा

सेना प्रमुख ने दो दिवसीय दौरे के पहले दिन गुरुवार को असम के तेजपुर में सेना कमांडरों के साथ मौजूदा हालात पर चर्चा की थी और सेना की तैयारियों का जायजा लिया था। इसके अलावा उन्होंने पूर्वी कमान के कमांडरों से मौजूदा हालात पर बात की थी। उन्होंने देश की संप्रभुता को बचाए रखने के लिए सतर्कता बरतने की सलाह दी थी।

Don't Miss
© all rights reserved
Managed By-Indevin Group