पटना
आखिरकार बिहार में चुनाव का ऐलान हो ही गया। 243 सीटों पर तीन फेज में 28 अक्टूबर, 3 नवंबर और 7 नवंबर को वोटिंग होगी। 10 नवंबर को नतीजे आएंगे। इसकी घोषणा करने शुक्रवार दोपहर साढ़े बारह बजे मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा मीडिया के सामने आए। नजर इस पर भी थी कि क्या मध्यप्रदेश की 28 विधानसभा सीटों समेत देशभर की 56 अलग-अलग सीटों पर उपचुनाव की घोषणा होगी? लेकिन इस पर फैसला 29 नवंबर तक टाल दिया गया है।
लौटते हैं फिर बिहार की तरफ। 10 नवंबर को चुनाव के नतीजे आएंगे। यानी 14 नवंबर को मनाई जाने वाली दीपावली से चार दिन और 20 नवंबर से शुरू होने वाले छठ पर्व से दस दिन पहले यह साफ हो जाएगा कि बिहार में अगली सरकार किसकी बनेगी। नई सरकार के गठन और नए विधायकों की शपथ छठ के बाद ही होने की संभावना है। मौजूदा विधानसभा का टर्म 29 नवंबर तक है।
पहले फेज
बुधवार 28 अक्टूबर को 71 सीटों पर वोटिंग होगी। इसके लिए 31 हजार पोलिंग बूथ बनाए जाएंगे।
दूसरे फेज
मंगलवार 3 नवंबर को 94 सीटों पर वोटिंग होगी। 42 हजार पोलिंग बूथ होंगे।
तीसरे फेज
शनिवार 7 नवंबर को 78 सीटों पर मतदान होगा। इसके लिए 33.5 हजार पोलिंग बूथ बनाए जाएंगे।
कोरोना की वजह से क्या इंतजाम किए जा रहे हैं?
इस बार बिहार चुनाव में 46 लाख मास्क, 7.6 लाख फेस शील्ड, 23 लाख जोड़े हैंड ग्लव्स और 6 लाख पीपीई किट्स का इस्तेमाल होगा।
नामांकन के नियमों में क्या बदलाव हुआ?
नामांकन के दौरान उम्मीदवार 5 की जगह 2 ही गाड़ियां साथ ले जा सकेंगे।
पोस्टल बैलट की सुविधा कैसे मिलेगी?
मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा है कि जिस जगह जरूरत और मांग होगी, वहां पोस्टल बैलट सुविधा दी जाएगी।
कोरोना के दौर में दुनिया का सबसे बड़ा चुनाव
मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने कहा कि 60 से ज्यादा देशों ने कोरोना की वजह से चुनाव टाल दिए, लेकिन जैसे-जैसे दिन गुजरते गए न्यू नॉर्मल होता हो गया क्योंकि कोरोना के जल्दी खत्म होने के संकेत नहीं मिले। हम चाहते थे कि लोगों का लोकतांत्रिक अधिकार बना रहे। उनके स्वास्थ्य की भी हमें चिंता करनी थी। यह कोरोना के दौर में देश का ही नहीं, बल्कि दुनिया का पहला सबसे बड़ा चुनाव होने जा रहा है।
No comments
Post a Comment