देश

national

टी चामुंडी थैय्यम - केरल राज्य का ऐसा नृत्य जो उबलते अंगारों पर किया जाता है - निखिलेश मिश्रा

Sunday, September 6, 2020

/ by Dr Pradeep Dwivedi

 

निखिलेश मिश्रा, लखनऊ

भौगोलिक आधार पर केरल एक छोटा सा प्रदेश है, फिर भी यहां सात शास्त्रीय तथा लगभग पचास से अधिक लोक नृत्यों का अभ्युदय हुआ है। यहां पर परिलक्षित शास्त्रीय एवं लोक नृत्य पूर्ण रूप से विकसित हैं और वहां के स्थानीय लोगों के स्वभाव को संगीत और वेशभूषा के साथ दिखाते हैं। इन नृत्यों को लोगों के जीवन जीने के हिसाब से और लोगों के नृत्य करने के अनुसार ढाला गया है। यहां पर प्रचलित नृत्य अत्यंत मनमोहक व प्राचीन हिंदू ग्रंथों के सिद्धांतों, तकनीकों एवं कला संबद्धता पर पूर्ण या आंशिक रूप से आधारित हैं। इससे यह बात प्रमाणित हो जाती है कि यहां के निवासी कितने कला प्रेमी व प्रायोगिक विचारधारा के हैं। यहां का प्राकृतिक व सांस्कृतिक सौंदर्य दर्शनीय है।

थेय्यम की उत्पत्ति का श्रेय मनक्काडन गुरुक्कल को दिया जाता है (गुरुक्कल से शिक्षक का तात्पर्य है)। वे "वण्णान" जाति के प्रमुख कलाकार थे। कहा जाता है कि चिरक्कल प्रदेश के राजा ने एक बार उनके जादुई शक्तियों की परीक्षा करने के लिए अपने राज- सभा में निमन्त्रित किया। गुरुक्कल, करिवेल्लूर प्रदेश के मनक्काड इलाके मे रह्ते थे। उनकी यात्रा के बीच राजा ने उनकी परीक्षा करने के लिए कई रुकावटों का इंतेजाम कर लिया था। लेकिन गुरुक्कल ने अपनी शक्तियों से सभी परीक्षाएँ पार कर ली और राजा के समक्ष आ पहुँचे। गुरुक्कल की शक्तियों से प्रभावित होकर राजा ने उनको, कुछ देवताओं के पोशाक बनाने का उत्तरदायित्व सौंप दी, जिनके प्रयोग करके अनुष्ठानीय नृतयों का आयोजन करना था। गुरुक्कल ने सुर्योदय से पहले ३५ अलग- अलग पोशाक बना डाले। उनके प्रभुत्व से प्रभावित होकर राजा ने गुरुक्कल को "मनक्काड्न " की उपाधि प्रदान की। तेय्यम के वर्त्मान रूप के पीछे यही इतिहास है।

थैय्यम, तैय्यम या थियम केरल प्रदेश के उत्तर मालाबार क्षेत्र का एक  प्रमुख पूजा नृत्यानुष्ठान है। यह नृत्य अनुष्ठान मुख्य रूप से केरल के कासरगोड, कन्नूर, वायनाड, कोष़िक्कोड और कर्नाटक के सीमावर्ती इलाके कोडगु और तुलुनाडु में एक पंथ या समुदाय के द्वारा हजारों वर्ष पुरानी विधाओं और विधियों के माध्यम से निष्पादित किया जा रहा है। यहां के निवासी थैय्यम कलाकार को भगवान का प्रतिरूप मानते हैं तथा उनसे संम्पन्नता  तथा आरोग्यता का आशीर्वाद लेते हैं। थैय्यम कलाकारों तथा मलयालयी लेखक श्री भवानी चीरत, राजगोपालन तथा पेपिता सेठ द्वारा लिखित किताबों से प्राप्त जानकारी के अनुसार देवाट्टम (थैय्यम), पूरवेला, कलियाट्टम आदि शैलियों को उत्तरी मालाबार क्षेत्र में स्थापित तथा प्रचारित करने का श्रेय परशुराम को जाता है।

थैय्यम नृत्यानुष्ठान की प्रथम विधि को तोट्टम कहा जाता है। यह नृत्य साधारण सी पोशाक तथा अल्प श्रंगार के साथ मंदिर के गर्भगृह के सामने किया जाता है। इसमें कलाकार देवी या देवता के चमत्कारिक कार्यों का गान करते हुए थैय्यम के इतिहास पर आधारित जोशीला नृत्य करता है। यह गायन तथा नृत्य अत्याधिक ऊर्जावान तथा उत्साह से भरपूर होता है। तोट्टम प्रदर्शन के पश्चात थैय्यम के मुख्य प्रकार के प्रदर्शन के हेतु कलाकार विदाई ले कर चला जाता है तथा मुख्य क्रिया की तैयारी में जुट जाता है। इस  नृत्यानुष्ठान की तैयारी मुख के श्रृंगार से शुरू की जाती है। इस नृत्य के लिए मुख सज्जा करना अत्यंत कठिन कार्य होता है। पूरे चेहरे पर विभिन्न प्राकृतिक रंगों का प्रयोग करते हुए वीर रस से प्रेरित आकृतियां बनाई जाती हैं। मुख की रंगाई करते समय विभिन्न रेखाएं खींची जाती हैं। इन सभी रेखाओं का अलग-अलग मतलब तथा महत्वता होती है। मुख अलंकार तथा पोशाक कलाकार द्वारा प्रस्तुत की जा रही कहानी एवं उसके इतिहास पर निर्भर करती है। पहनी गई पोशाक से यह मालूम हो जाता है कि थैय्यम की किस शैली तथा भावों का प्रदर्शन किया जा रहा है। वर्तमान में मुच्छिलोट भगवती,  विष्णुमूर्ति, गुलिकन, कण्डाकर्णन, मुत्तप्पन,  ती चामुंडी आदि प्रकार अति जनप्रिय है।

टी चामुंडी नामक थैय्यम अत्यंत कठिन एवं जोखिम भरा माना जाता है। इस का प्रस्तुतिकरण करना प्रत्येक कलाकार के लिए अत्यधिक चुनौतीपूर्ण एवं साहसिक कार्य होता है। इस प्रदर्शन के दौरान कलाकार को जलते हुए अंगारों के बीच जाकर नंगे पांव नृत्य करना होता है। इसके दौरान उसकी पोशाक जिसे नारियल के पत्तों के पतले-पतले रेशे निकालकर बनाया जाता है। इश रेशों को कलाकार की कमर में चारों तरफ अत्यंत मनमोहक अंदाज में बांध दिया जाता है। दूर से देखने पर यह सूखी धान की तरह नजर आते हैं। इस नृत्यानुष्ठान के दौरान इस पोशाक को भी आग लगा दी जाती है। कलाकार इस नृत्य के दौरान अपने हाथों में भी दो जलती हुई मशालें  पकड़कर नृत्य करता है।

थैय्यम के प्रत्येक प्रकार में कलाकार स्वयं ही अपनी पोशाक तैयार करता है। पोशाक बनाने के लिए अक्सर नारियल के पत्तों के आवरण का प्रयोग किया जाता है। आवरण को लाल, काले तथा सफेद रंगों से रंगाई कर उस पर विभिन्न प्रकार के चित्र बनाए जाते हैं। इन चित्रों से आवरणऔर भी मनभावन तथा कलात्मक नज़र आते हैं। इसी प्रकार ताज़े तालपत्रों से आंचल, नारियल  के खोखले खोलो से स्तन तथा कमर पर एक लाल रंग का कपड़ा ओढ़ लिया जाता है। सिर की सज्जा के लिए एक कलात्मक ताज भी बनाया जाता है। इस शिरो भूषण का आकार तथा सज्जा भी थैय्यम की कथा पर निर्भर करता है। ताज या शिरोभूषण पोषक का सबसे पवित्र भाग माना जाता है। इसे देवता की मूर्ति के समक्ष ही पहना जाता है। इसे पहनते वक्त पारंपरिक वाद्य यंत्रों पर वीर रस से प्रेरित धुनों के साथ कलाकार अपना प्रतिबिंब आईने में देखता है। इस दौरान कलाकार प्रतिबिंब में दैवीय शक्ति को भी महसूस करता है तथा अपने आप को उसके प्रतिरुप के रूप में प्रस्तुत करता है। तत्पश्चात कलाकार उस पोशाक में सुसज्जित होकर मंदिर के चारों तरफ दौड़ता हुआ जाता है। वह इस दौरान नृत्य की विभिन्न मुद्राओं का प्रदर्शन करता है। इस नृत्य के साथ पारंपरिक वाद्य चेण्डा का भिन्न-भिन्न लयों यथा तालों में लगातार वादन किया जाता है। वाद्य कलाकार भी पारंपरिक परिधानों में सुसज्जित होकर आते हैं। थैय्यम कलाकार उपस्थित सभी भक्तों को उनके पास जाकर आशीर्वाद देता है तथा उनकी समस्याओं का हल भी बताता है। इस नृत्य अनुष्ठान के दौरान वहां पर उपस्थित प्रत्येक व्यक्ति एक आध्यात्मिक तथा अद्भुत वातावरण को महसूस करता हुआ बड़ा ही श्रद्धा से इस परम्परा को निष्पादित करता है।

तेय्यम पंथ की मुख्य धारा को प्राचीन, आदिवासी तथा धार्मिक पूजाओं ने चौडा बना दिया है और परिणाम स्वरूप लाखों का लोक-धर्म बना दिया है। उदाहरण में, भगवती तेय्यम की पंथ, जिसे देवी की मातृ रूप में पूजा की जाती है, देवी के मूल रूप से व्युत्पन्न है। इसके अलावा आत्माओं की पूजा, नाग- पूजा, वृक्ष- पूजा, वीर- पूजा, ग्राम-देवता की पूजा आदि तेय्यम पंथ की मूल धारा में मौजूद है। इन देवताओं के साथ, अनेक लोक-देवताएँ भी शामिल है। देवियों का तेय्यम भगवती के नाम से जाना जाता है।


प्रस्तुत लेख हेतु विभिन्न स्रोतों का साभार यथास्थान उपयोग किया गया है।

Don't Miss
© all rights reserved
Managed By-Indevin Group