देश

national

लखनऊ में सपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज, 30 विधायकों को जबरन इको गार्डेन में छोड़ा

 लखनऊ

हाथरस में दलित युवती के साथ हैवानियत के मामले में विपक्षी दलों का योगी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन जारी है। शुक्रवार को राजधानी लखनऊ के अलावा वाराणसी, मुरादाबाद, बागपत, औरैया जिले में सपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। लखनऊ में लाठीचार्ज के बाद 30 विधायकों को हिरासत में लेकर इको गार्डेन छोड़ा गया। इस दौरान कई सपा कार्यकर्ता घायल भी हुए। वहीं, मुरादाबाद में कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने खुद पर केरोसिन डालकर आत्मदाह करने की कोशिश की। उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

लखनऊ में सपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज

समाजवादी पार्टी कार्यालय में विधानमंडल में नेता विरोधी दल रामगोविंद चौधरी सभा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम की अगुवाई में करीब 40 विधायक पैदल मार्च करते हुए हजरतगंज गांधी प्रतिमा की तरफ बढ़े। पार्टी कार्यालय से कुछ दूरी पर बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक लिया गया। जिस पर पुलिस और समाजवादी पार्टी के नेताओं के बीच बहस हुई। पुलिस ने सपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज किया, जिसमें कई कार्यकर्ताओं के सर फट गए। समाजवादी पार्टी के करीब 30 विधायक हिरासत में लेकर इको गार्डन भेजे गए। विधायकों का एक धड़ा अभी भी राज भवन चौराहे पर धरने पर बैठा है। पुलिस के अधिकारी दूसरे विधायकों से भी बातचीत कर रहे हैं।

बागपत में बलात्कारियों का पुतला फूंका गया

हाथरस व बलरामपुर में हुए दुष्कर्म मामले को लेकर बागपत में शुक्रवार को लोगों को गुस्सा फूट पड़ा। बड़ौत में हिंदू जागरण मंच के दर्जनों कार्यकर्ताओं ने एकत्रित होकर बलात्कारियों का पुतला फूंका। साथ ही बलात्कारियों को फांसी देने की मांग की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। पुतला फूंका जाने की सूचना पर बड़ौत कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची।


Don't Miss
© all rights reserved
Managed By-Indevin Group