ललितपुर
नए कृषि कानूनों के खिलाफ लखनऊ में प्रदर्शन के दौरान सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को हिरासत में लिए जाने के विरोध में सोमवार को कार्यकर्ताओं ने प्रदेशभर में आंदोलन किया। ललितपुर में भी सपा कार्यकर्ता सड़क पर उतरे। यहां घंटाघर मैदान में केंद्र सरकार का पुतला फूंका। लेकिन इस दौरान एक चूक भारी पड़ी। पुतले में आग लगाने के दौरान लपटें भड़क उठी और यूथ अध्यक्ष और पूर्व महिला अध्यक्ष समेत चार के कपड़ों में आग लग गई। साथियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सभी का उपचार कराया गया है।
घंटाघर मैदान में धरना दिया
दरअसल, सोमवार की दोपहर में घंटाघर मैदान में केंद्र सरकार के नए किसान कानूनों के खिलाफ समाजवादी पार्टी ने धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान सपा कार्यकर्ताओं केंद्र सरकार को किसान विरोधी बताते हुए कहा कि सपा हमेशा किसानों के साथ खड़ी रहती है।
पुतला फूंकते वक्त हुआ हादसा
धरना प्रदेश के दौरान कार्यकर्ता टैक्सी में केंद्र सरकार का पुतला लेकर पहुंचे। इस दौरान मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष हृदयेश मुखिया ने पुतले में आग लगाई। उसी दौरान मुखिया के कपड़ों में आग लग गई तो उनके हाथ में पुतला छूटते हुए धरने पर बैठी पूर्व महिला जिलाध्यक्ष गीता मिश्रा के पीठ पर गिरा। जिसके चलते उनके कपड़ों में भी आग लग गई। तत्काल कार्यकर्ताओं ने आग बुझाई। इस दौरान यूथ ब्रिगेड अध्यक्ष हृदयेश मुखिया का हाथ झुलस गया। लोहिया वाहिनी जिलाध्यक्ष आशीष अहरिया व पूर्व कोषाध्यक्ष अध्यक्ष महेंद्र सिंह भी झुलस गए।
No comments
Post a Comment