इंडेविन न्यूज नेटवर्क
सुल्तानपुर। जनपद के ब्लाक दुबेपुर के ग्राम पंचायत नोनरा में ग्राम प्रधान कलावती यादव पत्नी राम मनोरथ यादव के द्वारा सामुदायिक शौचालय बनाने में घटिया सामग्री का उपयोग किया गया। सामुदायिक शौचालय बनने के बाद नवनिर्मित शौचालय पर पेंटर सेवन कुमार आयु 30 वर्ष पेंटिंग कर रहा था। पेंटिग के दौरान शौचालय का छज्जा गिर गया। पेन्टर इस छज्जे के नीचे आ गया, जिससे उसका पैर दो जगह से टूट गया। आनन-फानन में इसकी सूचना ग्रामीणों ने 108 पर दी। घायल पेन्टर को अस्पताल भेज दिया गया। सूत्रों के अनुसार पेन्टर का इलाज मां भगवती हास्पीटल में चल रहा है।
खुलेआम चल रहा भ्रष्टाचार का खेल
ग्राम प्रधान व ब्लाॅक के अधिकारियों द्वारा इस प्रकरण को पूरी तरह से छिपाने की कोशिश की गयी। आनन-फानन में ग्राम प्रधान ने मलबे को हटवा दिया। भ्रष्टाचार के इस खेल में खुलेआम ग्राम प्रधान कलावती यादव, उनके पति राम मनोरथ यादव, ग्राम पंचायत अधिकारी मनोज कुमार व बीडीओ संतोष कुमार गुप्ता पूर्णरूप से संलिप्त हैं। निर्माण के लिये आये धन में ये सब बंदरबांट करते हैं।
योजना की धनराशि का होता है बंदरबांट
जनधन योजना के अन्तर्गत जो खाते खुलवाये गये हैं उसमें ज्यादातर लाभार्थियों के खाते में धनराशि नहीं दी गयी है। धन का खुलेआम गमन किया जा रहा है। कुछ लाभार्थियों ने हमारे संवाददाता को बताया कि शौचालय के लिये जो 12 हजार की धनराशि आयी थी उसमें से हर धनराशि मे से लगभग 3-4 हजार का गमन किया गया है। ग्रामपंचात के ज्यादातर शौचालय भवन पूरी तरह जर्जर स्थिति में पहुंच चुके हैं।
13 अगस्त 2020 को दिया गया था प्रार्थना पत्र, आज तक नहीं हुयी कोई कार्यवाही
ग्राम पंचायत नोनरा के कालिका प्रसाद ने गत 13 अगस्त को खंड विकास अधिकारी दुबेपुर को व्यक्तिगत रूप से व डाक द्वारा (डाक संख्या- RU 672788805 IN) प्रार्थना पत्र दिया गया था। जिसमें प्रार्थी की गैरमौजूदगी में ग्राम प्रधान ने प्रार्थी की पत्नी से 5300 रूपये शौचालय निर्माण के लिये वसूले व पाइप भी प्रार्थी की पत्नी से खरीदवा लिये और धमकी दी गयी थी कि अगर किसी को बताया तो कालोनी नहीं दी जायेगी। इसके बावजूद भी शौचालय का निर्माण घटिया मटेरियल लगाकर किया गया। जो आज बिल्कुल जर्जर अवस्था में गिरने की स्थति में है। आज तक इस मामले में कोई भी कार्यवाही नही की गयी है।
23 जून 2020 को इंडेविन टाइम्स ने उठाया था मामला, आज तक कोई कार्यवाही नहीं
गत 23 जून 2020 को इंडेविन टाइम्स ने सुल्तानपुर जनपद के विकास खंड दुबेपुर के सोन का पुरवा मजरे नौनरा गांव में मनरेगा के अन्तर्गत तालाब के नवीनीकरण में नाबालिग बच्चों द्वारा काम कराने, ग्राम प्रधान के पति राम मनोरथ यादव की दबंगई का मामला उठाया गया था। इसकी जानकारी समाचार पत्र व पोर्टल के द्वारा (इलेक्ट्रोनिक माध्यम से) मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी व जनपद के अन्य आलाधिकारियों को दी गयी थी। आज तक उसमें किसी भी प्रकार की कोई भी कार्यवाही नहीं की गयी।
जनपद के विकासखंड दुबेपुर में भ्रष्टाचार की गंदगी चरम सीमा पर पहुंच चुकी है। भ्रष्टाचार का गंदा खेल ग्राम प्रधान, ग्राम विकास अधिकारी, खंडविकास अधिकारी व जिले के आलाधिकारियों की संलिप्तता में (पैसों के बंदरबांट में) खेला जा रहा है। इसलिये आजतक कोई भी कार्यवाही नहीं की गयी।
ग्राम प्रधान से लेकर जिला के आला अधिकारी भ्रष्टाचार में संलिप्त
भ्रष्टाचार का अन्दाजा इसी से लगाया जा सकता है कि योगी सरकार की कल्याणकारी योजनाओं पर ग्राम प्रधान, सेक्रेटरी, खंड विकास अधिकारी व जिले के आला अधिकारी पूरी तरह से पानी फेर रहे हैं।