देश

national

लखनऊ में वैक्सीन लगवाने के बाद भी KGMU के कुलपति समेत 38 डॉक्टर कोरोना संक्रमित

लखनऊ 

उत्तर प्रदेश में कोरोना बेकाबू होता जा रहा है। लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) के कुलपति समेत 38 डॉक्टर और 3 स्वास्थ्यकर्मी कोरोना से संक्रमित मिले हैं। सभी को वैक्सीन की दोनों डोज लग चुकी थीं। KGMU प्रवक्ता डॉ. सुधीर कुमार ने बताया कि कुलपति ले.जनरल डॉ. बिपिन पुरी दूसरी बार संक्रमित हुए हैं। फिलहाल वे होम आइसोलेशन में हैं। उन्‍हें बुखार की शिकायत है। डॉ. पुरी पिछले साल भी कोविड संक्रमित हुए थे। दोबारा संक्रमित होने के बाद डॉ. पुरी ने कहा है कि वैक्‍सीन लेने की वजह से उन्हें कोई खास परेशानी नहीं महसूस हुई।

पिछले 24 घंटे के अंदर यूपी में 5,928 नए संक्रमित मिले हैं। 30 मरीजों की मौत हुई। इसके पहले पिछले साल 13 सितंबर 2020 को 6,239 रोगी मिले थे। करीब सात माह इतनी बड़ी संख्या में मरीज मिले हैं। प्रदेश में एक्टिव केस बढ़कर 27,509 हो गए हैं।

एक दिन में 1.15 लाख मरीज मिले

बेहद चिंताजनक खबर है यह। देश में एक दिन में 1.15 लाख नए संक्रमित मिले हैं। इसके साथ ही 4 अप्रैल को मिले 1.03 लाख मरीजों का रिकॉर्ड भी टूट गया। 59,700 मरीज ठीक हुए और 630 ने दम तोड़ दिया। इस तरह एक्टिव केस, यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में 24 घंटे के अंदर रिकॉर्ड 54,795 की बढ़ोतरी हो गई। इससे पहले 4 अप्रैल को 50,438 एक्टिव केस बढ़े थे। तब यह सबसे ज्यादा थे।

नए केस में रोजाना की तरह सबसे ज्यादा 55,469 संक्रमित महाराष्ट्र में मिले। 9,921 नए मरीजों के साथ छत्तीसगढ़ दूसरे नंबर पर रहा। कुल एक्टिव केस में भी ये दोनों राज्य टॉप-2 में हैं। महाराष्ट्र में 4.72 लाख, जबकि छत्तीसगढ़ में 52,445 मरीजों का इलाज चल रहा है।

देश में अब तक करीब 1.28 करोड़ लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से करीब 1.18 करोड़ ठीक हुए हैं और 1.66 लाख ने जान गंवाई है। ये आंकड़े covid19india.org से लिए गए हैं।

Don't Miss
© all rights reserved
Managed By-Indevin Group