देश

national

योगी मंत्रिमंडल विस्तार, नए चेहरों में जितिन प्रसाद के नाम पर भी चर्चा

लखनऊ

योगी मंत्रिमंडल विस्तार को केंद्रीय नेतृत्व की हरी झंडी मिलते ही यूपी में चर्चाओं का बाजार गर्म हैं। मंत्रिमंडल में कुछ युवा चेहरों को एंट्री मिलने की संभावना है तो वहीं विधानसभा चुनावों के मद्देनज़र जातीय समीकरण का भी खासा ध्यान रखा जाएगा। कुछ मंत्रियों को उनके अच्छे कामकाज का इनाम भी मिल सकता है, तो वहीं ​ठीक से काम न करने वाले मंत्रियों से कुर्सी छीन भी सकती है।

यूपी बीजेपी अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और संगठन मंत्री सुनील बंसल दिल्ली के नेताओं से मिलने और नए मंत्रियों के नामों पर चर्चा करने गए थे। सूत्रों के मुताबिक, नए मंत्रियों के नाम पर अभी भी कोई आखिरी सहमति नहीं बनी है, लेकिन मंत्रिमंडल में पहले से ही शामिल कई मंत्रियों के विभागों और नए चेहरों को शामिल किए जाने के मानकों पर लगभग आखिरी मुहर लग चुकी है। कार्यकाल में कुछ मंत्रियों ने सरकार की शोभा बढ़ाई तो कईयों की वजह से योगी सरकार की किरकिरी भी हुई। इन सब चीजों को ध्यान में रखते हुए मंत्रियों के नाम तय किए जाएंगे। वहीं बदलाव के साथ-साथ काट-छांट की भी तैयारी है।

बता दें कि मंत्रिमंडल में 53 मंत्री हैं और सात पद खाली हैं। पार्टी सूत्रों की मानें तो मंत्रिमंडल विस्तार में ब्राह्रण चेहरे के रूप में जितिन प्रसाद को शामिल किया जा सकता है। वह हाल ही में कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए हैं। लिहाजा, उन्हें विपक्ष के ब्राह्मण वोटों की दावेदारी के प्रयास की काट के लिए जगह दी जा सकती है। 

Don't Miss
© all rights reserved
Managed By-Indevin Group