आगरा
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने आगरा में स्पष्ट संकेत दिए कि जनता के बीच खराब प्रदर्शन करने वाले मंत्रियों और विधायकों के टिकट कट सकते हैं। इसलिए उनकी कोई उपलब्धि है तो उसे जनता के बीच लाएं। टिकट किसी को भी मिले सभी पार्टी के लिए काम करें। उनमें किसी तरह का मतभेद नहीं होना चाहिए।
नड्डा ने ब्रज क्षेत्र के भाजपा जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों का खाका ही नहीं खींचा बल्कि तीसरी लहर के मद्देनजर सेवाभाव का मंत्र भी दिया। स्थानीय होटल में संगठन की विभिन्न बैठकों के साथ चिकित्सकों के सम्मान समारोह में भी भाजपा अध्यक्ष ने यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ शिरकत की। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि विधानसभा चुनाव 2022 बेहद करीब हैं। अब कार्यकर्ता बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने में लगें। केंद्र के साथ राज्य सरकार की सभी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएं। बूथ को मजबूत बनाएं।