लखनऊ
अगले साल होने वाले यूपी विधानसभा चुनाव से पहले अपनी उपस्थिति का एहसास कराने के लिए कांग्रेस ने बड़ी तैयारी की है। प्रदेश कांग्रेस 20 सितंबर से 5 अक्तूबर तक यात्रा निकालेगी। इस यात्रा को ‘कांग्रेस प्रतिज्ञा यात्रा-हम वचन निभाएंगे’ का नाम दिया गया है। प्रदेश के 40 जिलों से गुजरने वाली यह यात्रा 12 हजार किमी की होगी। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने लखनऊ में हुई बैठकों में इसका कार्यक्रम तय किया। शुक्रवार को प्रदेश मुख्यालय में रणनीति कमेटी, चुनाव समन्वय कमेटी, सलाहकार कमेटी समेत जोनवार समीक्षा की गई। चुनाव समन्वय समिति की अगली बैठक 5 अक्तूबर को होने पर भी फैसला लिया गया।
सुबह 11 बजे प्रदेश मुख्यालय पहुंची प्रियंका गांधी ने ताबड़तोड़ बैठकें कर संदेश दे दिया कि कांग्रेस आक्रामक तरीके से चुनाव में उतरेगी। यह यात्रा चार अलग-अलग जगहों से निकाली जाएगी और बड़े शहरों, कस्बों और गांवो से होकर गुजरेगी। यात्रा के दौरान जनता को भाजपा के घोषणा पत्र के अपूर्ण वायदों, महंगाई, भ्रष्टाचार, अपराध, महिला हिंसा, बेरोजगारी आदि पर सरकार को घेरा जाएगा। वहीं कांग्रेस की नीतियों से भी जनता को परिचित कराया जाएगा और एक बेहतर विकल्प के रूप में पेश किया जाएगा। यात्रा के दौरान कई कार्यक्रम भी होंगे।
प्रियंका ने पूर्वांचल, बुन्देलखण्ड, मध्य उत्तर प्रदेश और आगरा क्षेत्र से संबंधित प्रभारियों, प्रदेश उपाध्यक्षों, प्रदेश महासचिवों, प्रदेश सचिवों, जिला और शहर अध्यक्षों से संगठन सृजन पर लिखित रिपोर्ट मांगी है। श्रीमती गांधी ने उत्तर प्रदेश की 58 हजार ग्राम सभाओं में इस माह के अंत तक कांग्रेस के ग्राम सभा अध्यक्ष और उनकी कमेटियों के गठन के अनिवार्यता को लेकर सख्त निर्देश दिया है।