लखनऊ
सीएम योगी आदित्यनाथ ने मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मस्थल के आसपास के 10 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र को तीर्थ स्थल घोषित किया है। सीएम योगी ने जन्माष्टमी के मौके पर श्रीकृष्ण के जन्मस्थल के आसपास के क्षेत्र को तीर्थक्षेत्र घोषित करने का वादा किया था। शुक्रवार को गणेश चतुर्थी के दिन मुख्यमंत्री कार्यालय ने ट्वीट करके इसकी जानकारी दी। भगवान कृष्ण की जन्मस्थली के 10 किलोमीटर के दायरे में आने वाले नगर निगम के 22 वार्ड अब तीर्थस्थल होंगे। इस क्षेत्र में मांस और शराब की बिक्री प्रतिबंधित होगी। सरकार ने ब्रज में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की आस्था को देखते हुए यह फैसला लिया है। मथुरा जिले के 70 में से 29 वॉर्ड में शराब और मांस की बिक्री अब से नहीं हो सकेगी।
श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर मुख्यमंत्री से की थी माँग
श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पर्व पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मथुरा आगमन के दौरान साधु संत और ब्रजवासियों ने मथुरा को तीर्थ स्थल घोषित करने की माँग की थी। इस पर मुख्यमंत्री ने सभी को जल्द परिणाम दिखने के लिए आस्वस्त किया था। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने मंच से पूर्व से घोषित 7 तीर्थ स्थलों में मधपान और माँस का काम करने वाले लोगों को दुग्ध उत्पादन से जोड़ने के लिए प्रशासन से योजना बनाने के लिए कहा था।
10 किलोमीटर में आएंगे नगर निगम के 22 वार्ड
श्री कृष्ण जन्मस्थान के 10 किलोमीटर क्षेत्र को तीर्थ स्थल घोषित करने के बाद नगर निगम के 22 वार्ड इस क्षेत्र में आएंगे । नगर आयुक्त अनुनय झा ने बताया नगर निगम के वार्ड सं. 59 घाटी बहालराय, वार्ड सं. 50 गोविंद नगर, वार्ड सं. 56 मंडीरामदास, वार्ड सं. 68 चौबियापाड़ा, वार्ड सं. 45 द्वारिकापुरी, वार्ड सं. 28 नवनीत नगर, वार्ड सं. 30 बनखण्डी, वार्ड सं. 4 भरतपुरगेट, वार्ड सं. 20 अर्जुनपुरा, वार्ड सं. 64 हनुमान टीला, वार्ड सं. 62 जगन्नाथपुरी, वार्ड सं. 54 गऊघाट, वार्ड सं. 38 मनोहरपुरा, वार्ड सं., 27 बैरागपुरा, वार्ड सं. 34 राधानगर, वार्ड सं. 18 वद्रीनगर, वार्ड सं. 31 महाविद्या कॉलौनी, वार्ड सं. 32 कृष्णानगर द्वितीय, वार्ड सं. 57 कोयलागली, वार्ड सं. 47 डैम्पीयर नगर और वार्ड सं. 33 जयसिंहपुरा शामिल है।