सीतापुर
सीतापुर जिले के मछरेहटा थाना क्षेत्र के एक गांव में 10 वर्षीय किशोरी के साथ युवक ने दुष्कर्म किया। युवक ने वारदात को उस समय अंजाम दिया, जब किशोरी खेतों में बकरी चराने गई थी। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। साथ ही पीड़ित किशोरी को जिला अस्पताल मेडिकल जांच के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।
खेतों में बकरी चराने गई थी पीड़ित किशोरी
बता दें कि मामला मछरेहटा थाना क्षेत्र के एक गांव का है। गांव निवासी 10 वर्षीय किशोरी शुक्रवार दोपहर गांव के दक्षिण इलाके में स्थित खेतों में बकरियां चराने गई थी। इसी दौरान गांव के ही एक 24 वर्षीय युवक शैलेंद्र पुत्र मोहन तिवारी ने किशोरी को अकेला पाकर दबोच लिया। युवक ने किशोरी के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। हालत बिगड़ने पर उसे छोड़कर वहां से फरार हो गया। खून से लथपथ किशोरी जब घर पहुंची तो घटना की जानकारी परिजनों को दी।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस बल के साथ मिश्रिख सीओ एमपी सिंह मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल पर जांच-पड़ताल की। साथ ही पीड़ित किशोरी के बयान दर्ज किए। सीओ एमपी सिंह ने बताया कि पीड़ित किशोरी के परिजनों की तहरीर पर अभियुक्त के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित, धारा 376 व एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साथ ही आरोपी युवक को गिरफ्तार भी कर लिया गया है। पीड़ित किशोरी को मेडिकल जांच के लिए भेजकर मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।