अलीगढ़
ताला उद्योग के लिए विख्यात अलीगढ़ को दो नायाब तोहफे देने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अलीगढ़ पहुंचे। जहां उन्होंने उत्तर प्रदेश रक्षा औद्योगिक गलियारे के अलीगढ़ नोड और राजा महेन्द्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय के मॉडलों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। जिसके बाद पीएम ने राजा महेंद्र प्रताप यूनिवर्सिटी और डिफेंस इंडस्ट्रियल कारिडोर अलीगढ़ नोड का शिलान्यास किया। इस दौरान यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल मौजूद रहीं। कार्यक्रम में राजा महेन्द्र प्रताप सिंह विवि और डिफेंस कॉरिडोर के अलीगढ़ नोड के बारे में दो संक्षिप्त डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन किया गया।
बता दें कि अलीगढ़ में लोधा के गांव मूसेपुर में यूनिवर्सिटी की जमीन पर प्रधानमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए मुंख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ की। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज अलीगढ़ के लिए बहुत बड़ा दिन है। देश आजादी के 75 साल का महोत्सव मना रहा हैं। इस दौरान मोदी ने कल्याण सिंह को याद कर भावुक हो गए और कहा कि मैं आज सिंह की अनुपस्थिति महसूस कर रहा हूं। वे जहां होंगे मुझे आशीर्वाद दे रहे होंगे।
इस मौके पर उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में राजा महेन्द्र सिंह के योगदान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्य है कि राष्ट्रनायकों से देश की पीढ़ियों को परिचित ही नहीं कराया गया। 20 वीं सदी की उन गलतियों को 21 वीं सदी का भारत सुधार रहा है। पीएम मोदी ने देश के नौजवानों का आह्वान करते हुए कहा कि आज का युवा बड़ा लक्ष्य पाना चाहता है। जब भी उन्हें कोई मुश्किल नज़र आए तो वे राजा महेन्द्र प्रताप सिंह के जीवन और उनकी वीर गाथा से प्रेरणा लें, उनका जीवन हौसला देता है। युवाओं को राजा महेंद्र प्रताप सिहं के बारे में पढ़ना चाहिए। राजा महेंद्र प्रताप ने देश को दिशा दी और भारत की आजादी के लिए दुनिया के कोने-कोने में गए। उन्होंने कहा कि डिफेंस एक्सपोर्टर के रूप में भारत की पहचान बनानी है। हम प्रतिदिन सैन्य ताकत को बढ़ाने के लिए आगे बढ़ रहे हैं। अपने संबोधन की शुरुआत में उन्होंने देशवासियों को राधाष्टमी की बधाई दी। कहा कि आज ब्रज क्षेत्र के लिए बहुत महत्वपूर्ण दिन है। ब्रज के कण-कण में राधा जी हैं।