देश

national

हज यात्रा की तैयारियां शुरू, 100 फीसदी डिजिटल होगी यात्रा की प्रक्रिया- मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी

नई दिल्ली 

केंद्र सरकार ने इस वर्ष हज यात्रा के लिए तैयारी शुरू कर दी है। केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने मुंबई स्थित हज हाउस में ऑनलाइन बुकिंग केंद्र का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारत में 2022 की हज यात्रा की पूरी प्रक्रिया 100 प्रतिशत डिजिटल होगी। 

मंत्री ने अपने बयान में बताया कि दिल्ली में 21 अक्टूबर को होने वाली हज समीक्षा बैठक में विभिन्न संबंधित विभागों से विचार-विमर्श के बाद हज 2022 की घोषणा की जाएगी। अल्पसंख्यक मंत्रालय, विदेश मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं नागर विमानन मंत्रालय के अधिकारी, सऊदी अरब में भारत के राजदूत, जेद्दा में भारत के महावाणिज्यदूत और अन्य वरिष्ठ अधिकारी राष्ट्रीय राजधानी में होने वाली हज समीक्षा बैठक में मौजूद रहेंगे।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कोरोना महामारी के चलते साल 2020 व 2021 में हज यात्रा को बंद कर दिया गया था। 2020 में 700 से अधिक महिलाओं ने 'मेहरम’ (पुरुष साथी) के बिना आवेदन किया था। वहीं 2021 में 2100 से अधिक महिलाओं के आवेदन आए थे। अगर वे हज यात्रा पर जाना चाहेंगी तो उनके आवेदन 2022 के लिए भी मान्य होंगे। 

Don't Miss
© all rights reserved
Managed By-Indevin Group