देश

national

पंजाब में भगवंत मान होंगे आम आदमी पार्टी के सीएम उम्मीदवार

                               

चंडीगढ़। 

पंजाब में आम आदमी पार्टी ने अपने सीएम पद का उम्मीदवार घोषित कर दिया है। पंजाब में भगवंत मान पार्टी की ओर से सीएम उम्मीदवार होंगे। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने यह ऐलान किया है। अरविंद केजरीवाल ने भगवंत मान के नाम का ऐलान करते हुए कहा कि हमने पंजाब की जनता की राय के आधार पर सीएम का फेस चुना है। उन्होंने कहा, 'यदि मैं भगवंत मान को अपनी ओर से सीएम उम्मीदवार घोषित कर देता तो लोग कहते कि अरविंद केजरीवाल ने भाई-भतीजावाद किया है। इसलिए हमने पिछले सप्ताह एक फोन नंबर जारी किया ताकि पंजाब के तीन करोड़ लोगों की राय ली जा सके।' 

आप के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हमारी ओर से जारी किए गए नंबर पर 21 लाख 59 हजार से ज्यादा लोगों से रेस्पॉन्स आए हैं। सारे सर्वे और माहौल बता रहे हैं कि राज्य में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने जा रही है। ऐसे में अब जो सीएम का चेहरा घोषित होगा, वह एक तरह से राज्य का अगला मुख्यमंत्री होगा। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि कई लोगों ने अपने रेस्पॉन्स में मेरा नाम डाल दिया। हमने इन वोटों को खारिज कर दिया है। इसके बाद बचे हुए 93 फीसदी लोगों ने सरदार भगवंत सिंह का नाम लिया है।

Don't Miss
© all rights reserved
Managed By-Indevin Group