देश

national

अमेठी: विधानसभा-मुंशीगंज में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे0पी0 नड्डा ने किया विशाल जनसभा को संबोधित

Saturday, February 19, 2022

/ by इंडेविन टाइम्स

० धारा 370 को समाप्त करने के लिए संजय ने अपनी राज्य सभा की सीट छोड़ दी ताकि यह देश बचा रहे- जे0पी0 नड्डा  

० अपने मित्र संजय सिंह के लिए अमेठी आया हूँ -जे0पी0 नड्डा  

० संजय ने कभी राजनीतिक उद्देश्यों को लेकर देश से समझौता नहीं किया-जे0पी0 नड्डा

०  भारतीय जनता पार्टी गरीबों, वंचितों, और शोषितों की पार्टी है- जे0पी0 नड्डा  

० हमारे मित्र संजय को आप जिताकर भेजें यह आवाज लखनऊ तक जाएगी- जे0पी0 नड्डा 

 हरिकेश यादव-संवाददाता (इंडेविन टाइम्स)

अमेठी।

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा जेपी नड्डा अमेठी विधानसभा के मुंशीगंज पहुँचे। जहाँ उन्होंने भाजपा प्रत्याशी व पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ0 संजय सिंह के समर्थन में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। 

पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ0 संजय सिंह ने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत और अभिनंन्दन करते हुए कहा कि अमेठी की सेवा करते हुए यह हमारी बत्तीसवीं पीढ़ी है। 1742 में महाराज गुरुदत्त सिंह ने रामजन्म भूमि को आतताइयों से आजाद कराया था। राजा लाल माधव सिंह ने देश की आजादी के लिए अंग्रेजों से लड़ा और उनके छक्के छुड़ा दिए। हमने आजीवन अमेठी की सेवा का प्रण लिया है। उन्होंने कहा कि 2024 में फिर मोदी जी की देश मे सरकार बनेगी। आज मोदी जी के नेतृत्व में भारत विश्व मे बहुत आगे निकल गया है। हमारे पिता ददन साधन ने कहा था कि जमीदारी चली गई लेकिन जिम्मेदारी अभी भी है। डॉ0 सिंह ने कहा कि हमारे लिए राजनीति सेवा का एक माध्यम है। भारतीय जनता पार्टी सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास का लक्ष्य लेकर काम करती है। भाजपा राष्ट्रवादी पार्टी है। 

जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि जाति से जाति का भला नही होता भला योजनाओं से होता है। सपा पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि अगर रोने से मुकदमे से छुट्टी मिलती तो हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में वकील ना खड़ा करना पड़ता।

मुंशीगंज के इंजीनियरिंग कॉलेज के मैदान में आयोजित  जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जे0पी0 नड्डा ने कहा कि क्रांतिकारियों, ऋषियों और वीरों को जन्म देने वाली अमेठी की पुण्य धरती को मैं प्रणाम करता हूँ। जे0पी0 नड्डा ने कहा कि में अपने मित्र संजय सिंह के लिए अमेठी आया हूँ। संजय जी ने कभी राजनीतिक उद्देश्यों को लेकर देश से समझौता नहीं किया। धारा 370 को समाप्त करना हमारा लक्ष्य था किंतु तुष्टिकरण की राजनीति कुछ लोगों का स्वभाव बन गया था। जम्मू-कश्मीर पर भाजपा ने हमेशा माना कि एक देश मे दो निशान, दो विधान, दो संविधान नहीं चलेगा। धारा 370 को समाप्त करने के लिए संजय जी ने अपनी राज्य सभा की सीट छोड़ दी ताकि यह देश बचा रहे। संजय जी ने कहा कि देश के लिए कुछ भी कर सकता हूँ। 

जे0पी0 नड्डा ने कहा कि समाजवादी पार्टी के लोग जब वोट माँगने आए तो उनसे पूछना की कारसेवकों पर गोली क्यों चलवाई थी। अब अखिलेश मंदिर - मंदिर जा कर घंटी बजा रहे हैं। घँटी बज चुकी है अब अयोध्या में भव्य राम मंदिर बनने जा रहा है। 

उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि 13वीं सदी के काले कानूनों से मुस्लिम महिलाओं को मुक्त करो। तीन तलाक को समाप्त करने का काम मोदी जी ने किया। भारतीय जनता पार्टी गरीबों, वंचितों, और शोषितों की पार्टी है। इसी पार्टी ने विश्व की सबसे बड़ी इलाज की योजना आयुष्मान भारत शुरू किया जिससे 5 लाख तक का इलाज हर गरीब को हर साल मुफ्त मिल रहा है। उन्होंने कहा कि घोडे के पैर में नाल ठोंकने वाला और मोची तक आज गोल्डन कार्ड लेकर घूम रहा है। 

उन्होंने कहा कि पाँच साल पहले की सरकार में यूपी में सड़कों पर गड्ढे होते थे। अब योगी की सरकार में सड़कें बनी हैं। आज मोदी जी ने यूपी में 59 मेडिकल कालेज दिए हैं और एक मेडिकल कालेज अमेठी को भी मिला है।अमेठी से पढ़ने वाला डॉक्टर गाँव-गाँव मे इलाज करेगा। योगी की सरकार बनी तो यूपी अर्थव्यवस्था में 7वें स्थान पर था और योगी जी ने इसे दूसरे स्थान पर पहुँचा दिया।  जब आप अमेठी  से संजय जी को भेजेंगे तो यूपी पहले नम्बर पर खड़ा हो जाएगा। 

जे0पी0 नड्डा ने कहा कि आज पाँच साल पहले की माफिया जेल में हैं। आजम खां, मुख़्तार अंसारी, अतीक अहमद जेल में गुल्ली डण्डा खेल रहे हैं। अखिलेश राज में 200 दंगे हुए जबकि योगी जी के राज में एक भी दंगे नही हुए। पिछली सरकार ने आतंकवादियों के मुक़दमे वापस लेने का काम किया है। देश, प्रदेश और अमेठी को बचाना है तो संजय को जिताना है।अंत में उन्होंने कहा की हमारे मित्र को आप जिताकर भेजें यह आवाज लखनऊ तक जाएगी।  

मंच पर जे0 पी0 नड्डा के साथ अमेठी विधानसभा प्रत्याशी व पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ0 संजय सिंह, पूर्व प्राविधिक शिक्षा मंत्री डॉ0 अमीता सिंह, क्षेत्र अध्यक्ष महेश चंद्र श्रीवास्तव, जिला प्रभारी संजय राय, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि, व भाजपा जिला अध्यक्ष अमेठी दुर्गेश त्रिपाठी, रश्मि सिंह, डॉ0 अनिल त्रिपाठी, ब्लाक प्रमुख अंजू मौर्य, अलगू यादव, प्रवीण सिंह, काशी प्रसाद तिवारी,  अमेठी  विधानसभा प्रभारी सुरेश मौर्या,  अमेठी विधान सभा प्रवासी प्रभारी सुरेश गुप्ता, और भाजपा के मंडल अध्यक्ष अजय तिवारी, दिलीप विश्वकर्मा, जय प्रकाश तिवारी, चंद्र केश यादव, आदि उपस्थित रहे। जनसभा के दौरान अमेठी विधानसभा क्षेत्र के हजारों समर्थक भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को सुनने के लिए  जनसभा में उपस्थित रहे।

Don't Miss
© all rights reserved
Managed By-Indevin Group