इंडेविन न्यूज़ नेटवर्क
बिजनौर-मुरादाबाद।
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता जोगेंद्र सिंह कर्णवाल (वालिया) किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं। बरसों तक संघ परिवार से जुड़े रहने के कारण भाजपा संगठन में उनका खासा कद है। अनेक मुददों पर उनसे बातचीत हुई, उन्होंने बेबाकी से जवाब दिये।
उत्तर प्रदेश में भाजपा की जीत को लेकर आप क्या कहना चाहेंगे?
जोगेंद्र सिंह कर्णवाल (वालिया)- जीतना तो तय ही था। सम्मानित मतदाताओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के जनहित के कार्यों को देखते हुए एक बार पुनः भाजपा को सत्ता सौंपी है।
आपको क्या लगता है कि आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा का प्रदर्शन कैसा रहेगा?
जोगेंद्र सिंह कर्णवाल (वालिया)- यूपी के इस विधानसभा चुनाव को 2024 के लोकसभा चुनाव का सेमीफाइनल मानकर चलिये। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ही बनेंगे। उनके नेतृत्व में देश ने पूरे विश्व में अपनी अलग पहचान बनाई है।
चुनाव में किसान आंदोलन का क्या असर पड़ा?
जोगेंद्र सिंह कर्णवाल (वालिया)- किसान आंदोलन के फैक्टर ने उन्हीं जिलों में भाजपा के खिलाफ असर दिखाया जहां जाटों के अलावा मुस्लिमों की भी पर्याप्त संख्या है। आंदोलन के बाद भी भाजपा की स्थिति पश्चिम यूपी में उतनी कमजोर नहीं थी, जितने दावे किए जा रहे थे। खासतौर पर दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, जेवर एयरपोर्ट जैसे प्रोजेक्ट के जरिए भाजपा ने अपनी पकड़ मजबूत की। कई जिलों में मुस्लिम बनाम हिंदू की स्थिति देखने को मिलती है, लेकिन यहां समीकरण बिगड़ते नहीं दिखे।
योगी आदित्यनाथ की छवि का क्या प्रभाव रहा?
जोगेंद्र सिंह कर्णवाल (वालिया)- सीएम योगी बीजेपी के पहले ऐसे सीएम हैं, जिन्होंने उत्तर प्रदेश में पांच साल का कार्यकाल पूरा किया। भाजपा ने पिछला चुनाव बिना किसी सीएम फेस के लड़ा था, लेकिन इस बार योगी आदित्यनाथ का चेहरा सामने रखकर चुनाव लड़ा गया। वहीं नोयडा को लेकर स्थापित मिथक को भी योगी जी ने वहां कई बार पहुंच कर तोड़ा।
कई सर्वे में सपा-रालोद गठबंधन को बढ़त और यहां तक कि सरकार बनाने का दावेदार भी बताया जा रहा था?
जोगेंद्र सिंह कर्णवाल (वालिया)- भाजपा के वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह के कुशल नेतृत्व में पार्टी ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है। सर्वे हमेशा सच नहीं होते, इनमें उतार चढ़ाव आता रहता है। अध्यक्ष जी का रणनीतिक कौशल पार्टी के लिये बेहद कारगर साबित हुआ।