नई दिल्ली।
केंद्र सरकार के कर्मचारियों के लिए अच्छी खबर है। सूत्रों के मुताबिक सरकार ने उनके महंगाई भत्ते में तीन फीसदी बढ़ोतरी का फैसला किया है। केंद्रीय मंत्रिमंडल की आज हुई बैठक में इसे मंजूरी दी गई। इसके साथ ही केंद्रीय कर्मचारियों का डीए अब 31 फीसदी से बढ़कर 34 फीसदी हो गया है। यह एक जनवरी 2022 से लागू होगा। इससे करीब 47.68 लाख कर्मचारियों और 68.62 लाख पेंशनर्स को फायदा होगा। सरकार के इस फैसले से सरकारी खजाने पर हर साल 9544.50 करोड़ रुपए का बोझ पड़ेगा।
केंद्र सरकार के कर्मचारियों का DA साल में दो बार जनवरी से जुलाई के बीच अपडेट किया जाता है। महंगाई भत्ते की वर्तमान दर को मूल वेतन से गुणा करके DA का कैलकुलेशन किया जाता है। सरकारी कर्मचारियों और सार्वजनिक क्षेत्र के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को DA दिया जाता है। यह कर्मचारियों को उनके रहने के खर्च में मदद करने के लिए दिया जाता है।