देश

national

30 अप्रैल तक चलेगा संचारी रोग अभियान

हरिकेश यादव-संवाददाता (इंडेविन टाइम्स)

अमेठी ।

जनपद  में संचारी रोगों जैसे डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया आदि के साथ कोविड-19 संक्रमण से बचाव के सम्बन्ध में व्यापक जन-जागरूकता के लिए दस्तक अभियान चलाया जा रहा  है। यह अभियान 30 अप्रैल तक चलेगा। अभियान में प्रशिक्षित आशा-आंगनबाड़ी कार्यकत्री घर-घर जाकर इन बीमारियों के बचाव व उपचार के सम्बन्ध में विभिन्न जानकारी देंगी।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सीमा मेहरा ने बताया कि जिले में संचारी रोग अभियान चल रहा है I समुदाय में संचारी रोगों की रोकथाम के लिए घर-घर दस्तक अभियान भी चलाया जा रहा है I आशा तथा आंगनबाड़ी कार्यकत्री द्वारा गृह भ्रमण कर विशेष सावधानियां बरतते हुये कोविड-19, संचारी रोगों से बचाव व उपचार पर आवश्यक जानकारी दी जा रही है। अभियान को प्रभावी बनाने में क्षेत्रीय कार्यकर्ता जैसे आशा, आंगनबाड़ी, ए०एन०एम०, स्कूल शिक्षक और ग्राम प्रधान, ग्राम विकास अधिकारी की अहम भूमिका है। उन्होने बताया कि आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अभियान के तहत घर-घर भ्रमण कर यह भी जानकारी देंगी कि क्या करना है, क्या नहीं करना है ताकि वह समय रहते सही उपाय अपनाने के लिये जागरूक बने। इस अभियान में बुखार के रोगियों का निकटवर्ती सरकारी अस्पताल में त्वरित तथा सही उपचार कराए जाने पर विशेष बल दिया जाएगा। 

जिला मलेरिया अधिकारी भिखुललाह ने बताया कि संक्रामक रोगों से सम्बन्धित जागरूकता बढ़ाने और बचाव व उपचार संदेश के प्रसार में आशा की महत्वपूर्ण भूमिका है। आशा से अपेक्षित है कि वह हर घर तक पहुंचे, परिवारों से सम्पर्क करें और मुख्य संदेश प्रसारित करें। 

जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी शालू गुप्ता ने बताया कि अभियान में जन जागरूकता बढ़ाने के लिए खंड विकास अधिकारी, सहायक खंड विकास अधिकारी, सरकारी कार्यालयों के विभागाध्यक्ष, नगरीय निकायों में कार्यकारी अधिकारी, ग्राम विकास अधिकारी, ग्राम प्रधान, शिक्षक, अध्यापक व अन्य विभाग के अधिकारी सहयोग करेंगे। इसके साथ ही सोशल मीडिया के जरिये भी समुदाय में जन जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

अभियान के दौरान स्वास्थ्य कार्यकर्ता क्षेत्र में जानकारी कर निम्न सूची भी तैयार करेंगे: 

1. बुखार के रोगियों की सूची,

2. आई0एल0आई0 (इन्फ्लुएंजा लाइक इलनेस) रोगियों की सूची,

3. क्षय रोग के लक्षण युक्त व्यक्तियों की सूची,

4. कुपोषित बच्चों की सूची,

5. क्षेत्रवार ऐसे मकानों की सूची जहाँ घरों के भीतर मच्छरों का लार्वा पाया गया हो।

Don't Miss
© all rights reserved
Managed By-Indevin Group