इंडेविन टाइम्स
सुलतानपुर। मिशन 2024 की तैयारी को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपने फ्रंटल संगठनों को विभिन्न क्षेत्रों में सम्मेलन करने के लिए पार्टी जिला मुख्यालय पर अहम बैठक की है। बैठक में नगर निकाय और लोकसभा चुनाव सहित संगठन की मजबूती पर भी चर्चा हुई। भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ.आरए. वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक को बतौर मुख्य अतिथि भाजपा के प्रदेश मंत्री व जिला प्रभारी शंकर गिरि ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की कार्यशैली सर्वस्पर्शी और सर्वव्यापी होनी चाहिए। हर समाज पार्टी से स्थाई रूप से जुड़ें, ऐसा पार्टी के कार्यों से ही संभव है। उन्होंने कहा भाजपा के प्रकोष्ठ व विभागों के जिला संयोजक व सह संयोजक अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ताकत व तन्मयता से जुटकर करें। जिला प्रभारी गिरि ने कहा भारत को विश्व गुरु बनाने के लिए 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत जरूरी है। जिला प्रभारी गिरि ने प्रकोष्ठ और विभागों के संयोजक व सहसंयोजकों से कहा आने वाले समय में बुद्धिजीवियों, पंचायत प्रतिनिधियों, शिक्षकों, डाक्टर्स, अधिवक्ता,पूर्व सैनिक एवं श्रमिकों आदि के छोटे-छोटे सम्मेलन कराने होंगे। सम्मेलन को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ता विभिन्न क्षेत्रों के लोगों को सूचीबद्ध कर अभी से तैयारी शुरू कर दें। भाजपा जिला अध्यक्ष डा.आर.ए.वर्मा ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा भारतीय जनता पार्टी मिशन 2024 को लेकर बहुत गंभीर है। भारतीय जनता पार्टी निष्क्रिय व हारे हुए बूथों को सक्रिय कर जीत हासिल करने के लिए के जुट गई है। उन्होंने आए हुए सभी लोगों का आभार प्रकट किया। पार्टी प्रवक्ता विजय सिंह रघुवंशी ने उक्त जानकारी देते हुए बताया बैठक में संजय सिंह त्रिलोकचंदी,आनंद द्विवेदी,गांधी सिंह,अरुण द्विवेदी,अजय सिंह अधियार, अजय सिंह लीडर, इंद्रदेव मिश्रा, आनंद चौबे,डॉ हीरालाल मिश्रा, संजय उपाध्याय, कृष्ण कुमार सिंह, रजनीश मिश्रा, संतोष दूबे, शिव मूर्ति पांडे, डॉ अनुराग पांडे, नितिन अग्रवाल,आरपी.मिश्रा, डीपी श्रीवास्तव,राम बहादुर सिंह आदि मौजूद रहे।