देश

national

15 लाख दीयों से सजेगी प्रभु श्रीराम की नगरी, तैयारियों को लेकर सीएम योगी ने की बैठक

Wednesday, October 12, 2022

/ by इंडेविन टाइम्स

अयोध्या।  

उत्तर प्रदेश के अयोध्या में इस वर्ष राम की पैड़ी पर 15 लाख दीपक जलाने का नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने की तैयारी है। इसके लिए राम की पैड़ी और सरयू के किनारे के घाटों पर कुल 17 लाख दीपक जलाए जाएंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को अधिकारियों के साथ इसकी समीक्षा की और व्यवस्था और सुरक्षा से जुड़े आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए।

बता दें कि अयोध्या में इस बार छठा दीपोत्सव मनाया जाएगा। पिछले वर्ष 2021 में 9 लाख 50 हजार दीपक एक साथ जला कर पिछला वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ा गया था। इस बार उससे बड़ा माइलस्टोन सेट करने की तैयारी है। दीपोत्सव से जुड़े अधिकारी हो या लोग सभी इस बार का दीपोत्सव भव्य बनाने में जुट गए है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी बुधवार को लगभग 1 घंटे दीपोत्सव से जुड़े लोगों और अधिकारियों के साथ बैठक की और कुछ अहम निर्देश भी दिए। इस दौरान सबसे पहले प्रमुख सचिव ने दीपोत्सव को लेकर मुख्यमंत्री को प्रेजेंटेशन दिया उसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रमुख रूप से सफाई व्यवस्था, बिजली व्यवस्था सड़कों को गड्ढा मुक्त करने को लेकर निर्देश दिए। इसी के साथ उन्होंने सुरक्षाकर्मियों के खानपान और 8 घंटे की ड्यूटी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

हर साल की तरह इस बार भी अयोध्या में दीपावली खास होनेवाली है क्योंकि इस बार भी दीपोत्सव को यादगार बनाने की तैयारी जोर शोर से चल रही है। यही नहीं गाय के गोबर से बने दीयों के जरिए लोगों को इन पवित्र दीयों के इस्तेमाल के लिए प्रेरित भी किया जा रहा है।

Don't Miss
© all rights reserved
Managed By-Indevin Group