देश

national

साल 2023 बेहद महत्वपूर्ण, 9 राज्यों में चुनाव लड़ना और जीतना है- जेपी नड्डा

नई दिल्ली। 

राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि 2023 बहुत महत्वपूर्ण है। 2023 में नौ राज्यों में विधानसभा चुनाव हैं और हमें लड़ना और जीतना है। पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि 2023 हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है और हमें 9 प्रदेशों में चुनाव लड़ना है। राष्ट्रीय अध्यक्ष जी ने पूरी कार्यकारिणी से आह्वान किया कि चुनाव के लिए कमर कस लें, हमें सभी 9 राज्यों में जीत दर्ज करनी है।

प्रसाद ने कहा कि देशभर के 100 लोकसभा क्षेत्रों में 72 हजार बूथ चिह्नित किए गए थे जहां भाजपा कमजोर थी और जहां हमें पहुंचना था लेकिन हम 1 लाख 30 हजार बूथों तक पहुंचे और पार्टी की नीतियों का प्रसार किया। उन्होंने कहा कि दयानंद सरस्वती जी के 200 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 13 फरवरी को एक विशाल कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। सरस्वती जी के आदर्शों पर चलते हुए, आदरणीय प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में देश में अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति को सशक्त करने का कार्य किया गया है।

भाजपा नेता ने कहा कि गुलामी के दुर्भायपूर्ण अतीत को समाप्त करते हुए 75 साल तक चले 'राजपथ' को बदल कर हमने 'कर्तव्य पथ' किया, अपनी परंपराओं पर गर्व करते हुए हुए काशी कॉरिडोर बना, महाकाल लोक बना, केदारनाथ का वैभव पुनर्स्थापित हुआ और अब राम मंदिर बन रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने पीएम मोदी द्वारा दिए गए पंच प्राणों पर भी प्रकाश डाला जिसमें औपनिवेशिक अतीत के निशानों से मुक्ति, भारत की परंपरा पर गर्व करना, विकसित भारत बनाने की प्रतिबद्धता, विविधता में एकता और राष्ट्र के प्रति नागरिकों को जिम्मेदार बनाना शामिल है।

रविशंकर प्रसाद ने कहा कि एक विकसित भारत का जो हमारा संकल्प था वो साकार होता दिख रहा है। रक्षा सौदे आज पूरी ईमानदारी के साथ हो रहे हैं। बॉर्डर रोड 3600 किलोमीटर तक बने हैं जबकि कांग्रेस के रक्षामंत्री ऐसा करना ही नहीं चाहते थे। उन्होंने कहा कि भारत ने ब्रिटेन को पछाड़ कर दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गई है। इतना ही नहीं हम मोबाइल फोन के दूसरे सबसे बड़े निर्माता बन गए हैं और भारत में उपयोग किए जाने वाले 95% से अधिक मोबाइल फोन मेड इन इंडिया हैं।

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संसद मार्ग स्थित पटेल चौक से लेकर नयी दिल्ली नगरपालिका परिषद् (एनडीएमसी) के कन्वेंशन सेंटर तक रोड शो किया। भाजपा की दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर में होगी। करीब एक किलोमीटर तक के इस रोड शो के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता सड़क के दोनों ओर मौजूद थे। सड़क पर जगह-जगह भाजपा के झंडे, पोस्टर और बैनर लगाए गए थे।

कई स्थानों पर प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा अध्यक्ष नड्डा के कटआउट भी लगे थे। सड़क के दोनों ओर अलग-अलग मंच बने हुए थे, जिन पर कलाकार भारतीय संस्कृति की झलक दिखाते हुए नृत्य व सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर रहे थे। कुछ स्थानों पर ढोल और नगाड़ों के साथ प्रधानमंत्री का स्वागत किया गया। लोगों ने फूल भी बरसाए। कार्यकारिणी स्थल पहुंचने पर भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने प्रधानमंत्री का स्वागत किया। 

Don't Miss
© all rights reserved
Managed By-Indevin Group