लखनऊ।
उत्तर प्रदेश के आगरा में उद्योग व्यापार संगठन द्वारा व्यापारी सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में आगरा समेत अलीगढ़, फिरोजाबाद, मथुरा और आसपास से आए 300 व्यापारियों ने हिस्सा लिया। यूपी सरकार में आबकारी मंत्री और उद्योग व्यापार संगठन के प्रदेश अध्यक्ष नितिन अग्रवाल ने भाजपा सरकार में व्यापारियों के हितों में किए जा रहे कार्यों के बारे में बताया।
मिली जानकारी के मुताबिक, इस दौरान आबकारी मंत्री ने कहा कि सपा सरकार ने व्यापारियों से वसूली और उत्पीड़न किया, जबकि भाजपा सरकार व्यापारियों को सुरक्षा और सम्मान दे रही है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का अस्तित्व उत्तर प्रदेश में समाप्त हो चुका है। जनता अब उनके बहकावे में आने वाली नहीं। प्रदेश की जनता उन पर भरोसा ही नहीं कर रही है। रामचरित मानस पर पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य द्वारा दिए गए बयान उनका कहना था कि वे चर्चा में रहने के लिए विवादित बयान देते हैं। उन्होंने कहा कि शराब माफिया और कच्ची शराब बनाने पर नकेल कसी है। संलिप्त लोगों की सूचना मिलने पर सीधे FIR कराई जाती है।
आगामी 2024 के लोकसभा चुनावों का जिक्र करते हुए आबकारी मंत्री ने व्यापारियों से अपील की, कि भाजपा की रीति-नीतियों को व्यापारी जनता तक पहुंचाएं। साथ ही व्यापारी राजनीति में आगे आएं। व्यापारियों ने अपने बल पर उद्योगों से आगरा को समृद्ध किया है। उत्तर प्रदेश में व्यापारी एकजुट होकर प्रदेश की सभी 80 लोकसभा सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों को बहुमत से जिताने का काम करें।