2024 लोकसभा चुनाव को लेकर सुगबुगाहट तेज होती दिखाई दे रही है। इन सबके बीच ममता बनर्जी भी एक अलग मोर्चे के गठन को लेकर जुटी हुई हैं। इसी कड़ी में आज उन्होंने उड़ीसा के मुख्यमंत्री और बीजू जनता दल के अध्यक्ष नवीन पटनायक से मुलाकात की है। नवीन पटनायक से मुलाकात के बाद ममता बनर्जी ने कहा कि हमने संघीय ढांचे को मजबूत और स्थाई बनाने का संकल्प लिया है। दूसरी ओर से इस मुलाकात को लेकर नवीन पटनायक से भी सवाल पूछा गया। उन्होंने कहा कि यह एक शिष्टाचार मुलाकात थी। गंभीर राजनीतिक मामलों पर कोई गहन चर्चा नहीं हुई है। हम बहुत पुरानी मित्रता साझा करते हैं।
हालांकि, ममता बनर्जी लगातार 2024 चुनाव को लेकर गैर कांग्रेसी गठबंधन की कोशिश में लगी हुई हैं। लेकिन दोनों नेताओं ने तीसरे मोर्चे या क्षेत्रीय गठबंधन की संभावनाओं से जुड़े सवालों को टाल दिया। ममता बनर्जी इससे पहले जगन्नाथपुरी भी पहुंची थीं। उन्होंने पुरी में बंगाल निवास के निर्माण के लिए एक भूखंड का भी चयन किया है। ममता बनर्जी नवीन पटनायक से मुलाकात के लिए उनके आवास पर पहुंची थीं। नवीन पटनायक करने ममता बनर्जी का भगवान जगन्नाथ का अंग वस्त्र भेंट कर उनका स्वागत किया। वहीं, बनर्जी ने पटनायक को साल भेंट की।