देश

national

राहुल गांधी के समर्थन में केजरीवाल ने मोदी पर साधा निशाना, कहा- '12वीं पास PM का अहंकार सातवें आसमान पर'

 

नई दिल्ली। 

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लोकसभा से अयोग्य करार दिए जाने को ‘‘गहरी चिंता'' का विषय बताया तथा भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि देश को बर्बाद करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस तरह से गांधी को अयोग्य ठहराया गया, वह ‘‘डरपोक सरकार के कायरतापूर्ण कृत्य का प्रतीक है।'' उन्होंने दिल्ली विधानसभा में अपने संबोधन के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘यह सिर्फ कांग्रेस या राहुल गांधी की लड़ाई नहीं है, यह पूरे विपक्ष की लड़ाई है।'' विभिन्न मुद्दों पर कांग्रेस का पक्ष लेने से बचती रही आम आदमी पार्टी हाल के हफ्तों में कांग्रेस के लिए अपने रुख में नरमी लाती दिख रही है। गांधी को आप का समर्थन ऐसे समय में आया है जब केजरीवाल अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले ‘समान विचारधारा' वाले दलों का गठबंधन बनाने की कोशिश कर रहे हैं।

गांधी को अयोग्य करार दिए जाने का जिक्र करते हुए केजरीवाल ने बाद में संवाददाताओं से कहा कि केंद्र सरकार ‘‘डर'' गई है। केजरीवाल ने दावा किया, ‘‘हमारे संबंध महत्वपूर्ण नहीं हैं। 130 करोड़ लोगों में से सभी को एक साथ आना होगा। यह कांग्रेस या राहुल गांधी की लड़ाई नहीं है। यह एक तानाशाह, कम शिक्षित और अहंकारी व्यक्ति से देश को बचाने की लड़ाई है।''

केजरीवाल ने दावा किया कि देश में माहौल ऐसा है कि लोग व्हाट्सएप संदेश भेजने से डर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया, ‘‘अगर एक ऑटोवाले को व्हाट्सएप मैसेज भेजने में डर लगता है तो आप देश के 130 करोड़ लोगों के डर के साये में जीने का कारण हैं। ऐसे में देश कैसे चलेगा। लोगों को क्यों डरना चाहिए। हम डर के साये में क्यों जिएं। हमारा देश है। किसान, मजदूर, न्यायपालिका, न्यायाधीश, मीडिया, व्यापारी सभी डरे हुए हैं। वे सभी को सीबीआई और ईडी से धमकाते हैं।''

केजरीवाल ने पूर्व मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी का भी हवाला दिया और कहा कि उनके एक कार्यकर्ता ने उनसे कहा कि ‘‘अगला नंबर उनका हो सकता है।'' उन्होंने कहा, ‘‘मेरी पार्टी के एक सदस्य मेरे पास आए और कहा कि अगला आपका नंबर हो सकता है। मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी के बाद एक नया चलन शुरू हो गया है...विधायकों को धमकाया जा रहा है। मैं आप सबसे पूछता हूं क्या आप डर गए हैं? अगर आप डर गए हैं तो आम आदमी पार्टी छोड़ सकते हैं।''

केजरीवाल ने अपनी पार्टी के विधायकों को आश्वासन दिया कि अगर वे जेल भी जाते हैं, तो उनके घर का सारा खर्च वह उठाएंगे। उन्होंने कहा, ‘‘वे हमारे सभी नेताओं को जेल में डाल देंगे। और जो भी जेल जाएगा, मैं उसके घर की आर्थिक देखभाल करूंगा। जिस तरह भगत सिंह का नाम जेल जाने के लिए याद किया जाता है, यह आपके लिए वह अवसर है।''

इससे पहले, विधानसभा में संबोधन में उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘हमारे देश के इतिहास में इससे ज्यादा भ्रष्ट प्रधानमंत्री और सबसे कम अशिक्षित प्रधानमंत्री नहीं हुआ। वह सरकार नहीं चला सकते, वह अहंकार से भरे हुए हैं। मैं भाजपा के लोगों को बताना चाहता हूं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को बर्बाद करने की कोशिश की जा रही है। जो देश को बर्बाद करना चाहते हैं उन्हें भाजपा में होना चाहिए और जो देश को बचाना चाहते हैं उन्हें भाजपा छोड़ देनी चाहिए।'' इस बयान से विधानसभा में हंगामा शुरू हो गया।

भाजपा विधायक पूर्णेश मोदी की शिकायत पर सूरत की एक अदालत ने मानहानि के एक मामले में बृहस्पतिवार को गांधी को दोषी ठहराया तथा दो साल की जेल की सजा सुनाई। लोकसभा सचिवालय की ओर से जारी अधिसूचना में कहा गया है कि राहुल गांधी का अयोग्यता संबंधी आदेश 23 मार्च से प्रभावी होगा। केजरीवाल ने कहा कि आप न्यायपालिका का सम्मान करती है लेकिन उनकी पार्टी गांधी के खिलाफ फैसले का समर्थन नहीं करती है। उन्होंने कहा, ‘‘जिस तरह से राहुल गांधी को मानहानि के मामले में फंसाया गया और अधिकतम सजा के साथ दोषी ठहराया गया तथा 24 घंटे के भीतर उनकी लोकसभा सदस्यता समाप्त कर दी गई, यह देश के लिए गहरी चिंता का विषय है। जिस तरह से उनकी सदस्यता समाप्त की गई, वह डरी हुई सरकार की कायरता का प्रतीक है।''

दिल्ली के मुख्यमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा विपक्ष रहित राजनीतिक स्थिति बनाना चाहती है। उन्होंने कहा, ‘‘वे एक ऐसी स्थिति पैदा करना चाहते हैं जिसमें सिर्फ एक पार्टी और एक नेता मौजूद हो और अन्य समाप्त हो जाएं...एक राष्ट्र, एक पार्टी और एक राष्ट्र, एक नेता। इसे तानाशाही कहा जाता है।'' केजरीवाल ने भाजपा शासित केंद्र और ब्रिटिश शासकों के बीच समानताएं भी गिनाईं। उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्तमान सरकार का स्वरूप ब्रिटिश शासन से भी डरावना और खतरनाक है...अगर हमें देश को बचाना है तो सभी 130 करोड़ लोगों को एक साथ आना होगा और इस लड़ाई में भाग लेना होगा। यह महत्वहीन है कि सरकार कौन बनाता है।''

 

Don't Miss
© all rights reserved
Managed By-Indevin Group