लखनऊ।
उत्तर प्रदेश का मौसम और गर्मा रहा है। तेज धूप और ह्यूमिडिटी कम होने के कारण लोगों को जलन वाली गर्मी का अहसास हो रहा है। हल्की चलती हवाएं गर्मी को बढ़ा रही हैं। लखनऊ से लेकर नोएडा और गाजियाबाद तक अप्रैल माह में तापमान 40 डिग्री के करीब पहुंचने का अनुमान जताया गया है। राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के कई इलाकों में शुक्रवार को आसमान में हल्के बादल दिखे। हालांकि उसका कोई खास असर धूप और गर्मी पर नहीं दिख रहा है। इसी प्रकार की स्थिति अगले 15 दिनों तक बने रहने की संभावना जताई गई है। प्रदेश के कुछ इलाकों में इस दौरान बारिश जैसी स्थिति बन सकती है। हालांकि, इससे बढ़ते तापमान पर कोई असर नहीं पड़ेगा। आसमान में दिखते बादलों के असर के कारण लोगों को अप्रैल माह में लू जैसी स्थिति बनती नहीं दिखेगी। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, लखनऊ समेत पूरे प्रदेश में अगले 15 दिनों में अधिकतम तापमान 39 से 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।
राजधानी लखनऊ में सुबह से आसमान में हल्के बादलों का असर दिखा। 7 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलती हवा ने सुबह में लोगों को राहत दी, लेकिन दिन बढ़ने के साथ-साथ तापमान में वृद्धि होती है। इसने हवा को भी गर्म कर दिया। लोगों को चुभने जलने जैसी गर्मी का अहसास हुआ। दिन में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद जताई गई है। लखनऊ में अगले 10 दिनों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस पार करने की उम्मीद है। 20 अप्रैल के बाद आसमान में बादलों का असर बढ़ने से तापमान में एक से 2 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आ सकती है। राजधानी में अप्रैल माह के अंत तक लू जैसी स्थिति बनने जैसी स्थिति का अनुमान नहीं है।