लखनऊ।
उत्तर प्रदेश में कहीं बादलों की आवाजाही तो कहीं लू है। मौसम में लगातार बदलाव होता दिख रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने सोमवार के लिए उत्तर प्रदेश के 18 जिलों में लू की चेतावनी जारी की है। आईएमडी ने कहा कि इन जगहों पर दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जाएगा। इसके बाद मंगलवार शाम से पांच दिनों तक पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में बारिश होगी। लू की चपेट में आने वाले जिले बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, सोनभद्र, मिजार्पुर, मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर और आसपास के क्षेत्र हैं।
लखनऊ मौसम कार्यालय प्रभारी मोहम्मद दानिश ने रविवार को कहा कि 18 जिलों में से 12 में रविवार को भी लू की स्थिति बनी रही। आईएमडी ने 18 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। गौरतलब है कि हीटवेव तब घोषित किया जाता है, जब अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक होता है, या तापामान लगातार दो दिनों में सामान्य से 4.5 डिग्री अधिक रहता है। इंडियन मेडिकल असोसिएशन, लखनऊ शाखा के पूर्व अध्यक्ष पी.के. गुप्ता ने कहा, सुनिश्चित करें कि आपका पानी का सेवन पूरे दिन लगातार होता रहे। घर से बाहर जाते समय, एक अतिरिक्त गिलास पानी पिएं। सिर को टोपी/सूती कपड़े से ढक लें।
7 डिग्री तक लुढ़क सकता है पारा
गाजियाबाद और नोएडा में सोमवार तक तेज धूप और गर्मी का और सामना करना पड़ेगा। मंगलवार से मौसम तेजी के साथ बदलने की उम्मीद है। तेज हवाएं चलेंगी और बारिश भी होगी। अधिकतम तापमान 35-36 डिग्री सेल्सियस के आसपास आने की उम्मीद है। ऐसा मौसम 27-28 मई तक बने रहने का अनुमान है। रविवार को अधिकतम तापमान 42 और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रेकॉर्ड किया गया। एयर क्वॉलिटी इंडेक्स (AQI) भी अभी खराब श्रेणी में चल रहा है। रविवार को AQI 209 रेकॉर्ड किया गया। बारिश के बाद वायु प्रदूषण में भी सुधार आने की बात कही जा रही है।
लखनऊ के मौसम में दिख रहा बदलाव
लखनऊ में भी मंगलवार से मौसम में बदलाव की संभावना जताई जा रही है। सोमवार सुबह से 4 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलती दिख रही है। अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। पूर्वांचल के मौसम में भी बदलाव होगा। 26 मई को तेज बारिश का अनुमान जताया गया है। सोमवार को तपिश वाली गर्मी के बाद मौसम बदलेगा। सोमवार को शहर में अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वाराणसी में बादलों का असर दिख सकता है।