अयोध्या।
श्री राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को मनाए जाने के लिए श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट एक बड़ा अभियान चलाने की तैयारी में है। देश के शहर व गांव के पांच लाख मंदिरों में श्री राम भगवान का प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव मनाया जाएगा।
जनवरी 2024 में होगा महोत्सव का आगाज
ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने कहा कि राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा की तैयारी चल रही है इसके लिए देश में जिन लोगों को तमाम बड़े बड़े आयोजन करने का अनुभव है। उनके साथ वार्ता चल रही है। दावा किया जा रहा है कि संघ को देशभर में इस प्रकार के बड़े आयोजन करने का अनुभव रहा है। पिछले 3 महीने से हर 15 दिन पर बैठक की जा रही है। हालांकि अभी महोत्सव की तिथि निश्चित नहीं की गई है, लेकिन बताया जा रहा है कि महोत्सव का आगाज जनवरी 2024 में ही शुरू होगा।
चम्पत राय ने बताया कि प्राण प्रतिष्ठा उत्सव के दौरान देशभर से लोग अयोध्या पहुंचने में परेशानी होगी इसलिए अयोध्या आने से अच्छा है कि पूरे देश में आयोजन किया जाए। हिंदुस्तान में ढाई लाख पंचायते हैं और हर पंचायत में एक मंदिर जरूर है। शहर के मोहल्लों में भी ढाई लाख मंदिर होंगे इसलिए 5 लाख मंदिरों में 12 दिन पहले से अपनी श्रद्धा और आस्था के अनुसार राम नाम संकीर्तन समाज के अनुकूल किया जाएगा। इस प्रकार की अपील देश के लोगों से की है। इस पूरे कार्यक्रम का आयोजन लाइव किया जाएगा। देश के 5 लाख गांव और मोहल्लों के मंदिरों में इस प्रकार के कार्यक्रम को दिखाया जाएगा। पूरे आयोजन का प्रसाद गांव-गांव में वितरित किया जाए, इस पर विचार किया जा रहा है। इसके बाद भी 5 लाख से अधिक लोग अयोध्या आएंगे।
अयोध्या के 500 मंदिरों में भी होगा उत्सव
अयोध्या के 500 से अधिक मठ मंदिरों मैं भी भगवान राम लला के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को मनाया जाएगा। इसके साथ ही अयोध्या के मठ मंदिरों में बड़े स्क्रीन के माध्यम से मंदिर के उत्सव का लाइव प्रसारण हो इसके लिए श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि व सदस्य विश्व तीर्थ प्रसन्नाचार्य अयोध्या के संतों के साथ बैठक कर एक वृहद योजना तैयार कर रहे हैं।