देश

national

राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता बहाल होने पर अखिलेश और डिंपल ने दी बधाई

लखनऊ। 

कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट से राहत मिलने के बाद आज उनकी लोकसभा सदस्यता बहाल कर दी गई है। इसको लेकर कांग्रेस खेमे में खुशी की लहर दौड़ पड़ी है। वहीं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, सपा सांसद डिम्पल यादव समेत तमाम विपक्षी नेताओं ने कांग्रेस नेता को बधाई दी है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी केरल के वायनाड से सांसद हैं। वहीं लोकसभा की सदस्यता बहाल होने के बाद राहुल गांधी के 2024 लोकसभा में चुनाव लड़ने का रास्ता भी फिलहाल साफ हो गया है।

पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि सदस्यता बहाल होने पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी को बधाई देना चाहता हूं। मैं सुप्रीम कोर्ट को भी बधाई देता हूं। इस फैसले के बाद लोकतंत्र और न्यायालय पर विश्वास बढ़ा है। इसके साथ ही अखिलेश यादव ने ट्वीट के जरिये बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि बीजेपी की साजिश का अब पर्दाफाश हो गया है।

दरअसल सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार (4 अगस्त) को 'मोदी' सरनेम टिप्पणी मामले में राहुल गांधी को बड़ी राहत देते हुए उनकी सजा पर रोक लगा दी थी। इसके बाद से यह माना जा रहा था कि जल्द ही राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता बहाल कर दी जाएगी। इसी क्रम में सोमवार को लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने राहुल गांधी की सदस्यता बहाल करने का फैसला दिया है।

लोकसभा सचिवालय ने इस बारे में अधिसूचना जारी कर दी है। वहीं सदस्यता बहाल होने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपने ट्विटर अकाउंट बायो को भी अपडेट कर लिया है। राहुल गांधी ने ट्विटर एकांउन्ट बायो में 'अयोग्य सांसद' से 'संसद के सदस्य' के रूप में अपडेट कर दिया है।

उधर लोकसभा सदस्यता बहाल होने के बाद बधाइयों से संदेश भी आने शुरू हो गए हैं। सपा सांसद डिंपल यादव ने कहा कि मैं राहुल गांधी को धन्यवाद देती हूं। अध्यक्ष का भी धन्यवाद करती हूं कि उन्होंने बिना किसी विलंब के सदस्यता बहाल कर दी है। वहीं यूपी विधानसभा के मानसून सत्र में हिस्सा लेने पहुंचे सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि सबसे पहले सुप्रीम कोर्ट को बधाई। जिसकी वजह से जनता का लोकतंत्र और न्यायालय पर भरोसा बढ़ा है। अखिलेश ने कहा कि बीजेपी का काम करने का तरीका यह है कि वह लोगों की सदस्यता छीन लेना चाहती है।


Don't Miss
© all rights reserved
Managed By-Indevin Group