देश

national

राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति समेत देशभर से नेताओं ने ISRO को भेजे बधाई संदेश

Wednesday, August 23, 2023

/ by इंडेविन टाइम्स

नई दिल्ली। 

इसरो (ISRO) ने बुधवार को अंतरिक्ष क्षेत्र में एक नया इतिहास रचते हुए चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर लैंडर ‘विक्रम' और रोवर ‘प्रज्ञान' से लैस लैंडर मॉड्यूल की ‘सॉफ्ट लैंडिग' कराने में सफलता हासिल की। भारतीय समयानुसार शाम करीब छह बजकर चार मिनट पर इसने चांद की सतह को छुआ। इसके साथ ही भारत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर ‘सॉफ्ट लैंडिंग' करने वाला दुनिया का पहला देश तथा चांद की सतह पर ‘सॉफ्ट लैंडिंग' करने वाला दुनिया का चौथा देश बन गया। इसरो के महत्वाकांक्षी तीसरे चंद्र मिशन ‘चंद्रयान-3' के लैंडर मॉड्यूल (एलएम) ने बुधवार शाम चंद्रमा की सतह को चूमकर अंतरिक्ष विज्ञान में सफलता की एक नयी इबारत रची। चंद्रयान की सफलता के बाद इसरो को देश दुनिया से बधाई संदेश मिल रहे हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई नेताओं ने चंद्रयान3 की सफल लैडिंग पर इसरो को बधाई दी है।

यह एक अविस्मरणीय क्षण है- राष्ट्रपति

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने चंद्रयान-3 की सफल 'सॉफ्ट लैंडिंग' पर भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) और मिशन में शामिल सभी लोगों को बुधवार को बधाई दी और कहा कि यह एक अविस्मरणीय क्षण है तथा वैज्ञानिकों ने इतिहास रचकर भारत को गौरवान्वित किया है। चंद्रयान की सफल लैंडिंग देखने के बाद अपने वीडियो संदेश में राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘चंद्रयान-3 की ‘सॉफ्ट लैंडिंग' एक महत्वपूर्ण अवसर है। यह एक ऐसी घटना है जो जीवनकाल में एक बार होती है।'' उन्होंने कहा कि चंद्रयान-3 की चंद्रमा की सतह पर 'लैंडिंग' के साथ ही वैज्ञानिकों ने इतिहास रच दिया है और भारत को गौरवान्वित किया है। राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा, ‘‘मैं इसरो, चंद्रयान-3 मिशन में शामिल सभी लोगों को बधाई देती हूं तथा उन्हें आगे और बड़ी उपलब्धियां हासिल करने की शुभकामनाएं देती हूं।''

भारत के लिए ऐतिहासिक क्षण- उपराष्ट्रपति

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ में चंद्रयान-3 की सफलता के लिए भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के वैज्ञानिकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि यह भारतीय प्रतिभा और प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उपराष्ट्रपति ने बुधवार को यहां जारी एक संदेश में कहा कि भारत के लिए यह ऐतिहासिक क्षण है, जब अंतरिक्ष में उसने एक लंबी छलांग लगाई है। चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर चंद्रयान-3 का सफलतापूर्वक उतारना भारतीय वैज्ञानिक की प्रतिभा का प्रतीक है। अंतरिक्ष के क्षेत्र में आगे बढ़ना भारत को वैश्विक नेतृत्व प्रदान किया है। उन्होंने कहा, ‘‘इसरो को इस ऐतिहासिक उपलब्धि और नवाचार के लिए शुभकामनाएं।''

Don't Miss
© all rights reserved
Managed By-Indevin Group